भोपाल। प्रदेश में कड़ाके की ठंड और न्यूनतम तापमान का कहर जारी है। इंदौर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात में पारा फिर 5 डिग्री से नीचे रहा। इंदौर शहर प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड 4.5 डिग्री पर पहुंच गया। 10 वर्षो में यह सबसे कम तापमान है।
वहीं, पचमढ़ी में पारा 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पांच बड़े शहरों में भोपाल में 6.6 डिग्री, ग्वालियर में 9.2 डिग्री, उज्जैन में 8.2 डिग्री और जबलपुर में तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक बीती रात अधिकांश शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे ही रहा।
रायसेन में 5 डिग्री, रीवा में 5.9 डिग्री, शिवपुरी में 6 डिग्री, उमरिया में 6.1 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 6.8 डिग्री, नौगांव में 7.1 डिग्री, मंडला में 7.3 डिग्री, खजुराहो में 7.4 डिग्री, नरसिंहपुर में 8.2 डिग्री, छिंदवाड़ा में 8.4 डिग्री, सतना में 8.6 डिग्री, दमोह में 8.8 डिग्री, रतलाम में 9.2 डिग्री, श्योपुर व गुना में पारा 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम का असर भी है। यह जमीन से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 222 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से बह रही है। जिसका असर एमपी में भी है। इस कारण गुरुवार को भी शीतलहर का अलर्ट है।


