कटनी। मंगलवार को फोर्ब्स ने इंडिया के टॉप -100 डिजिटल स्टार्स की लिस्ट जारी की है। जिसमें कटनी के युवा शांतिनगर निवासी मोहित बालानी को भी स्थान दिया है।
मोहित स्मार्ट फोन रिव्यू के क्षेत्र में पहचान रखते हैं और उसमें बेहतर काम करने को लेकर फोर्ब्स ने 85वीं रैंक प्रदान की है। बता दे कि पिछले साल भी फोर्ब्स की सूची में उनको 85वीं रैंक हासिल हुई थी।
देशभर के 100 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को उनके काम और प्रभाव के आधार पर जगह दी गई है। सूची में मप्र के चार युवा शामिल हैं। मोहित वर्ष 2016 में यूट्यूब के जरिए सोशल मीडिया से जुड़े थे और शुरुआत में डांस के माध्यम से उन्होंने अच्छे फालोवर्स जुटाए थे।
वर्ष 2019 में मोहित ने स्मार्ट फोन रिव्यू के क्षेत्र में काम शुरू किया। बाजार में आने वाले नए स्मार्ट फोन और गैजेट्स के नए फीचर्स क्या हैं, उससे फायदा क्या होगा और नुकसान क्या हो सकता है। इसको वीडियो के माध्यम से लोगों तक पहुंचा रहे हैं। स्मार्ट फोन के अलावा लैपटाप, टैबलेट, इयर फोन सहित नवीन टेक्नालॉजी का भी वे वीडियो के जरिए रिव्यू करते हैं और उसको सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हैं।

