इंदौर। महानगर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र राजवाड़ा में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब नगर निगम की रिमूवल टीम की कार्रवाई के दौरान कथित अभद्र व्यवहार से नाराज व्यापारियों ने बाजार बंद कर दिया।
व्यापारियों का आरोप था कि खुलते बाजार में जबरिया दबाव बनाकर कार्रवाई की जा रही है।स्थिति बिगड़ती देख व्यापारियों ने नगर निगम के अफसरों को मौके पर बुलाया।
इंदौर रिटेल गारमेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अक्षय जैन ने बताया कि चर्चा में व्यापार संचालन की सीमा स्पष्ट रूप से तय की गई। सहमति बनी कि प्रत्येक दुकानदार अपने शटर की निर्धारित फुटेज तक ही सजावट, डिस्प्ले डमी और कपड़ों के स्टैंड लगाकर व्यवसाय संचालित करेगा। सड़क और फुटपाथ को पूरी तरह खुला रखा जाएगा, ताकि यातायात और पैदल राहगीरों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
राजवाड़ा के बाद निगम अमले ने निहालपुरा, कानूनगो बाखल और शिव विलास पैलेस क्षेत्र की दुकानों के अतिक्रमण को लेकर भी सख्त चेतावनी दी।
निहालपुरा में 10 से 15 फीट तक बने पक्के ओटलों को लेकर व्यापारियों ने विरोध और हंगामा किया।
नगर निगम के अपर आयुक्त आकाश सिंह ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण उन्मूलन अभियान लगातार जारी रहेगा। जिन व्यापारियों का अवैध कब्जा है, वे स्वयं हटाएं, अन्यथा नगर निगम द्वारा रिमूवल कार्रवाई की जाएगी।


