जबलपुर। ब्रेकिंग न्यूज़ के चक्कर में ना रहेंं, कमल नाथ कहीं नहीं जा रहे हैं। मेरी खुद उनसे बात हुई है। यह कहना है पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह का।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जबलपुर में उन अटकलों का जवाब दे रहे थे, जिनमें कमलनाथ या नकुल नाथ के भाजपा में जाने की संभावनाओं का जिक्र है।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि कमल नाथ नेहरू-गांधी परिवार के साथ उस समय से जुड़े हैं, जब जनता पार्टी इंदिरा गांधी को जेल भेजने की तैयारी में रही थी।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा डर और लालच दिखाकर सियासी तोड़फोड़ कर रही है। कांग्रेस नेताओं को इनकम टैक्स और ईडी का डर दिखाया जा रहा है, जो डरे हुए या बिकाऊ हैं वही भाजपा में जाएंगे। जो मेरे साथ दिख रहे हैं वो सभी टिकाऊ हैं। दिग्विजय सिंह ने ईवीएम की खिलाफत का राग अलापते हुए कहा कि 22 फरवरी से कांग्रेस फिर एक बार ईवीएम के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ईवीएम की वीवीपेट पर्ची दिखाए नहीं बल्कि मतदाता के हाथों में दें। अन्यथा मतदान बैलेट पेपर से कराए।


