कटनी। जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र की निवार चौकी अंतर्गत घर में सो रही गर्भवती पत्नी के ऊपर पति ने पत्थर पटक हत्या कर भाग गया। सुबह घर के लोग जागे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही माधवनगर, निवार चौकी पुलिस के साथ सीएसपी भी मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताई जा रही है, लेकिन दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद था, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
जानकारी के मुताबिक बिलहरी निवासी शिवानी उर्फ प्रिया बर्मन (21) की शादी लगभग दस माह पूर्व माधवनगर थाना क्षेत्र के जरवाही गांव निवासी रवि बर्मन के साथ हुई थी। शिवानी वर्तमान में गर्भ से थी।
बताया जाता है कि शादी के बाद से ही दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। शुक्रवार की रात को शिवानी व उसका पति परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया। रात को दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ, यह जानकारी सामने नहीं आ सकी है। सुबह पांच बजे के लगभग रवि बर्मन ने कमरे में सो रही पत्नी शिवानी के सिर पर बड़ा सा पत्थर पटक दिया और उसकी हत्या कर दी।
घर में सो रहे परिजनों को कमरे से चीखने की आवाज आई और वे जब तक कमरे में पहुंचे रवि मौके से फरार हो गया था और शिवानी का रक्तरंजित शव कमरे में पड़ा था।
पति द्वारा पत्थर पटककर पत्नी की हत्या की खबर थोड़ी ही देर में पूरे गांव में फैल गई और घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। इस बीच लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही मौके पर माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, निवार चौकी प्रभारी नेहा मौर्य पुलिस बल के साथ पहुंची और परिजनों से जानकारी लेने के साथ ही स्थल का निरीक्षण किया। वही, जानकारी लगने पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया भी घटना स्थल पर पहुंच गई और उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी ली। साथ ही फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और फारेंसिक टीम की मदद ली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा।
घटना के बाद पुलिस ने परिजनों के बताए अनुसार आरोपी पति की खोजबीन की। आरोपी पति रवि को देर शाम पुलिस ने गांव के पास से ही हिरासत में ले लिया है और उससे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। घटना का कारण उसने पारिवारिक विवाद बताया है, हालांकि देर शाम तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके कारण रवि ने पत्नी के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी।
माधवनगर थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि जरवाही गांव में एक महिला की हत्या की जानकारी लगी थी। जिसपर घटना स्थल पर अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। जरवाही निवासी रवि बर्मन नामक युवक ने अपनी पत्नी के सिर पर पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी थी। घटना का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। पति को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ कर विवाद का कारण पता लगाया जा रहा है।


