बड़वानी। जिले में तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। राजपुर और ओझर में रूपा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन गए।
हालात ऐसे बने कि नदी के उफान में चार वाहन बह गए, जबकि कई बस्तियां पानी में डूब गई। हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
शनिवार तड़के करीब सुबह 4 बजे तेज बारिश के कारण रूपा नदी उफान पर आ गई। पानी तटीय क्षेत्रो में घुस गया, जिससे मकानों और दुकानों में बाढ़ जैसे हालात हो गए। नगर परिषद और पशु बाजार पूरी तरह जलमग्न दिखाई दिए।
तेज पानी के कारण लगभग 20 ट्रांसफार्मर डूब गए। सुरक्षा की दृष्टि से बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। बिजली विभाग के कर्मचारी हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि आपूर्ति बहाल की जा सके।
उधर, ओझर और बालसमुंद में भी पानी बस्तियों में घुस गया है। स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है।


