कमलनाथ के गढ़ में भाजपा ने की सेंधमारी, अमरवाड़ा सीट को भाजपा ने 3027 वोट से जीता

छिंदवाड़ा(अमरवाड़ा)। अमरवाड़ा विधानसभा सीट उपचुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले में अंतिम चरण में बीजेपी के कमलेश शाह ने बाजी मार ली।
चुनाव परिणाम में भाजपा के कमलेश शाह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के धीरन शाह को 3027 वोट से हराया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अमरवाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की जीत पर अमरवाड़ा की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि अमरवाड़ा उपचुनाव में भाजपा की जीत जनता के विश्वास और भाजपा की विचारधारा पर भरोसे की जीत है। यह जीत बताती है कि जनता सरकार और भाजपा संगठन पर भरोसा कर रही है। मैं अपनी ओर से इस जीत पर प्रदेश वासियों और खासकर अमरवाड़ा की जनता को बधाई देता हूं और आभार मानता हूं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आज मैं मुंबई हूं लेकिन मेरा मन लगा हुआ है कि आज अमरवाड़ा की जीत में हमारे वहां के कार्यकर्ताओं और जनता के साथ जश्न में शामिल होऊं।
अमरवाड़ा सीट पर 20 राउंड के बाद भाजपा की जीत का अंतर 3,252 वोट का बताया जा रहा था। कांग्रेस ने 19वें और 20वें दौर की मतगणना के दौरान ईवीएम में गड़बड़ी की बात कहते हुए हंगामा भी किया। हालांकि, बाद में उनका दावा खारिज हो गया।
दिसंबर 2023 के विधानसभा चुनावों में छिंदवाड़ा जिले की एक भी सीट भाजपा नहीं जीत सकी थी। पहले भाजपा के विवेक बंटी साहू ने लोकसभा चुनाव में कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ को सवा लाख वोट से हराया और अब अमरवाड़ा के जरिये छिंदवाड़ा में जीत का खाता खोला है।

 

Next Post

जादू-टोने के शक में युवक की हत्या, घर के सदस्यों की हो रही मौत से उठाया कदम

डिंडोरी। जिले के अमरपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम मनोरी में जादू टोना के शक में एक युवक की हत्या कर दी गई। बताया गया कि परिवार के लोगों ने मिलकर 35 वर्षीय युवक की 12 जुलाई की रात रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना की ग्राम कोटवार से […]