इंदौर। जिले में मिलावटखोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। यहां असली के नाम पर मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री बड़ी मात्रा में की जा रही है। गत दिवस खाद्य विभाग ने मिलावटी घी की आशंका में एक गोदाम पर छापा मारा था और वहां से सैंपल लिए थे। जिसकी रिपोर्ट में घी में मिलावट पाई गई।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक गत माह विभाग को शिकायतकर्ता से सूचना मिली थी कि राजस्थान की एक घी निर्माता फर्म बाल गोपाल डेरी प्रोडक्ट्स, रणपुर, कोटा द्वारा घी को इंदौर के संचार नगर स्थित मार्केटिंग फर्म श्री कुबेर इंटरप्राइजेस के माध्यम से बेचा जा रहा है। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची तो संचालक के पास शहर में खाद्य पदार्थ विक्रय का कोई लाइसेंस नहीं मिला। संचालक ने झाबुआ के पते का लाइसेंस दिखाया।
प्रतिष्ठान में महाश्री ब्रांड के गाय व भैंस के घी के अलग-अलग पैकिंग के पांच नमूने टीम ने लिए थे, करीब 5.40 लाख रुपये कीमती 800 लीटर घी जब्त किया था। अभी दो नमूनों की रिपोर्ट विभाग को मिली है। जिसमें घी अमानक स्तर का पाया गया। घी में अन्य तेल मिला है। अभी तीन नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है।

