शिवपुरी। चैत्र नवरात्रि की धूम पूरे देश में है।
शिवपुरी के ऐतिहासिक मंदिर बलारी माता पर लगने वाला तीन दिवसीय मेला सप्तमी पर नेजे चढऩे के साथ समाप्त हो गया है।
इन तीन दिनों में लाखों भक्तों ने माता के तीनो रूपों के दर्शन किए और अपना जीवन निहाल किया।
ऐसी मान्यता है कि माता के इस स्वरूप को लाखा बंजारा यहां लेकर आया था और दावा किया जाता है कि माता बलारी की जो प्रतिमा है वह किसी धातु या पत्थर से नहीं बनी है बल्कि माता की प्रतिमा कंकाल से निर्मित है और माता के इस स्वरूप को जाग्रत स्वरूप माना जाता है। इसी स्वरूप की जहां पूजा की जाती है। मान्यता है कि माता यहां सुबह बाल रूप में, दोपहर युवा रूप में और रात में वृद्ध रूप में दर्शन देती हैं।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि मंदिर से 1.5 किलोमीटर दूर झाला (झरना स्वरूप) है, जहां मैया रानी प्रकट हुई।
एक जमाने में लाखा बंजारा माल ढुलाई के दौरान झाला पर रुकता था। इस दौरान लाखा बंजारा के बच्चों के साथ माँ भगवती बाल रूप में खेलने आती थी। लाखा बंजारा की कन्या पर नजर पड़ी लाखा बंजारा बियावान जंगल में कन्या के बारे में जानने के लिए पीछे गया। जिसके बाद माता ने उसे दर्शन दिए ओर उसकी बैल गाड़ी पर बैठकर चलने लगीं।
इस बीच माता भगवती ने लाखा बंजारा से कहा कि पीछे मुड़ कर नहीं देखना, परन्तु लाखा बंजारा ने पीछे मुड़ कर देखा तो माता बलारी बैलगाड़ी से उतरकर खड़ी की खड़ी रह गईं। उस स्थान पर आज मां का मंदिर बना हुआ है।
पुजारी के अनुसार माता सशरीर वहां स्थापित हो गईं और आज भी वह सशरीर वहां मौजूद हैं।
मंदिर की जो प्रतिमा है, वह किसी धातु या पत्थर की नहीं है। वह चल शरीर का कंकाल है।
अब तो डकैत समस्या लगभग समाप्त हो गई है। लेकिन जब शिवपुरी जिले में डकैत समस्या विकराल रूप में थी और डकैतों का आतंक छाया हुआ था। उस दौरान सक्रिय प्रत्येक डकैत नवरात्रि में बलारी माता का आर्शीवाद लेने अवश्य आता था और डकैत सरगना माता के मंदिर में हर वर्ष घंटा चढ़ाता था।
यहां के पुजारी बताते हैं कि माता के चमत्कार के अनेक दृष्टांत हैं। भले ही डकैत बलारी माता के दरबार में आकर घंटा चढ़ाते थे। लेकिन माता डकैतों को पसंद नहीं करती थी और जब डकैत किसी पकड़ को मंदिर के आसपास सुरक्षित स्थान पर रखते थे, तो पकड़ मुक्त हो जाती थी। जिसका लोहा डकैतों ने भी माना और फिर कोई भी डकैत मंदिर के आसपास पकड़ करने के बाद उसे वहां नहीं रखते थे।


