डिण्डौरी। जिले में गणेशोत्सव का समापन अनंत चतुर्दशी पर हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ हुआ।
शहपुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम करौंदी सहित समूचे ग्रामीण अंचल और नगर क्षेत्रों में गली-गली, मोहल्लों और मंदिरों में विराजे गजानन को भव्य चल समारोह के साथ विदा किया गया।
सुबह से ही ढोल-नगाड़ों की थाप, डीजे की धुन और भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु गणपति बप्पा की झांकियों के साथ सड़कों पर उमड़ पड़े। जगह-जगह महिलाएं व बच्चे भी पारंपरिक परिधानों में शामिल होकर शोभायात्रा का हिस्सा बने।
चल समारोह नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निर्धारित विसर्जन स्थलों तक पहुँचा। नदी एवं तालाबों में परंपरानुसार प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के साथ गजानन को विदाई दी।
पूरे जिले में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए गणेशोत्सव के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की विशेष तैयारियाँ की थीं।
ग्रामीण अंचल से लेकर नगर क्षेत्रों तक श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।


