बोरवेल में गिरे मासूम की मौत, 45 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, जनपद सीईओ एवं पीएचई एसडीओ सस्पेंड

रीवा। बोरवेल में गिरे मासूम मयंक को बचाया नहीं जा सका। करीब 45 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वह बोरवेल के भीतर 42 फीट की गहराई पर मिट्टी-पत्थरों के बीच दबा मिला।
उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। मेडिकल टीम उसे लेकर अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला पंचायत सीईओ सौरभ सोनवडे ने भी मयंक की मौत की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मयंक की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को रेड क्रॉस की ओर से 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी गई है।
मुख्यमंत्री ने त्योंथर जनपद के सीईओ और एसडीओ, पीएचई को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।
बता दें कि रीवा में जनेह थाना क्षेत्र के मनिका गांव में मयंक (6) पिता विजय आदिवासी शुक्रवार दोपहर करीब 3.30 बजे से 4 बजे के बीच खुले बोरवेल में गिर गया था। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर तुरंत उसे निकालने की कोशिशें शुरू कीं। खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को बुलाया गया था।
मयंक को निकालने के लिए बोरवेल के समांतर 8 जेसीबी मशीनों से खुदाई की गई। 60 फीट से अधिक खोदने पर पानी निकल आया। इसके चलते रेस्क्यू रोकना पड़ा। पानी खाली करने के बाद ड्रिल मशीन से बोरवेल तक पहुंचने के लिए सुरंग बनाई गई। सख्त मिट्टी आने पर मशीनों की जगह मैनुअली खुदाई की गई।
बचाव कार्य के दौरान सुरंग में दोबारा पानी निकल आया। इसे मोटर पंप से बाहर निकाला गया। इसके बाद रेस्क्यू टीम रविवार दोपहर करीब पौने एक बजे मयंक तक पहुंच पाई।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मयंक के पिता विजय, माँ शीला, दादा हिंचलाल आदिवासी, नानी निर्मला समेत परिजन और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर ही बैठे रहे। उसकी सलामती के लिए दुआएं मांगी गईं।
मेडिकल टीम के साथ एंबुलेंस और टेक्नीशियन भी मौके पर थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्रा, त्योंथर विधायक सिद्धार्थ तिवारी और रीवा से कांग्रेस की लोकसभा प्रत्याशी नीलम मिश्रा भी मयंक के परिजन से मिलने पहुंचे थे |

 

Next Post

नरेंद्र मोदी ने दिलाया महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में बराबरी का दर्जा – डॉ राजेश मिश्रा

सीधी। भारतीय जनता पार्टी के लोकसभा के प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा के समर्थन में भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान और धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम ने धुआंधार चुनाव प्रचार करते हुए एक दर्जन से अधिक नुक्कड़ सभा की और भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा के लिए जनता जनार्दन से […]