जबलपुर। शहर के गढ़ा थाना अंतर्गत शारदा चौक स्थित बाइक शोरूम में काम करने वाले एक सेल्समैन ने अपनी कंपनी को ही लाखों रुपए की चपत दे दी। आरोपी सेल्समैन ने ठगी किये गए रूपयों को शेयर बाजार व सट्टे में लगा दिया।
मामले का खुलासा होने के बाद शोरूम के संचालक की शिकायत पर गढ़ा थाना पुलिस ने आरोपी सेल्समैन को गिरफ्तार किया है।
बताया गया कि आरोपी आशीष यादव जो कि सिवनी जिले के धूमा क्षेत्र का रहने वाला है। पिछले पांच वर्षो से वह गढ़ा स्थित एक बाइक शोरूम में सेल्समैन के रूप में कार्य कर रहा था। सेल्समैन आशीष यादव ने करीब 11 ग्राहकों से 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी करते हुए उनके पैसे ठग लिए थे।
जानकारी के मुताबिक शारदा चौक स्थित बाइक शोरूम पर आशीष यादव सेल्समैन का कार्य करता है। बीते एक माह के दौरान जो भी ग्राहक नई बाइक बुक करवाने आते तो आरोपी आशीष बुकिंग की राशि अपने खाते में क्यूआर कोड के माध्यम से डलवा लेता था।
आशीष यादव इतना शातिर था कि बाइक बुक करवाने वाले ग्राहकों से लगातार बात किया करता था और उन्हें यह आश्वासन देता कि जल्द से जल्द आपकी बाइक आ जाएगी।
एक सप्ताह पहले कुछ ग्राहक शोरूम संचालक से आकर मिले और बताया कि बुकिंग के पैसे जमा कराने के बाद भी बाइक नहीं मिल रही है।
शोरूम संचालक ने जब ऑफिस में पता किया तो जानकारी लगी की आशीष ने बाइक बुकिंग के पैसे क्यूआर कोड के माध्यम से अपने खाते में जमा करवाए हैं।
जिसके बाद शोरूम संचालक ने गढ़ा थाने में आशीष यादव के खिलाफ अमानत में ख्यानत की शिकायत दर्ज करवाई।
वही, गढ़ा थाने में शिकायत की जानकारी लगते ही आशीष यादव फरार हो गया। लेकिन गढ़ा पुलिस ने आखिरकार आरोपी आशीष यादव को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गढ़ा थाना प्रभारी (निरी) नीलेश दोहरे ने बताया कि जांच में आरोपी द्वारा 11 ग्राहकों से 18 लाख की धोखाधड़ी करना सामने आया है। आरोपी आशीष यादव शेयर बाजार और सट्टा खेलने का आदी था। पूछताछ में उसने सारे पैसे सट्टे में हारने की बात कबूली है।

