भोपाल। राजधानी भोपाल में आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी की गांधी नगर और कोलार ब्रांच में राजस्थान पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। एसटीएफ की तीन टीमों में से एक, यूनिवर्सिटी के संचालक सुनील कपूर के घर भी पहुंची है।
कार्रवाई की सूचना स्थानीय पुलिस को नहीं दी गई है।
अधिकारियों की टीम मेन गेट लॉक करके दस्तावेज खंगाल रही है। अंदर मौजूद स्टाफ को बाहर जाने की अनुमति नहीं है। स्टूडेंट्स को भी अंदर आने और बाहर जाने नहीं दिया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक एसटीएफ ने यह कार्रवाई फर्जी मार्कशीट मामले में की है। प्रकरण में जब्त की गई एक मार्कशीट आरकेडीएफ से जारी की गई थी।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में भी आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्लू) ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ आरकेडीएफ इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एण्ड टेक्नालॉजी, भोपाल को जुर्माने में रियायत देने के मामले में दिसंबर 2015 में एफआईआर दर्ज की थी। दिग्विजय के साथ पूर्व तकनीकी शिक्षा मंत्री राजा पटैरिया, आरकेडीएफ एजुकेशन सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील कपूर को भी आरोपी बनाया था। हालांकि, जांच के बाद उन्हें क्लीनचिट मिल गई थी।
सुनील कपूर पर तेलंगाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। उन पर आरकेडीएफ यूनिवर्सिटी, भोपाल से फर्जी डिग्री जारी करने का आरोप था। इस मामले में तेलंगाना पुलिस ने उनको हिरासत में लिया था।


