शहर में 24 घंटे में तीसरी हत्या, बाणगंगा क्षेत्र में पुलिस के साये में निकली व्यापारी की शवयात्रा

इंदौर। शहर के बाणगंगा क्षेत्र में मंगलवार रात एक व्यापारी की हत्या हो गई।
बदमाशों ने उसे चाकूओं से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
24 घंटे के भीतर शहर में होने वाली यह तीसरी हत्या है।
इसके पहले सोमवार रात चंदन नगर के चांदमारी क्षेत्र में 53 वर्षीय पुष्पाबाई और एरोड्रम थाना क्षेत्र की हाई लिंक सिटी में तौकीर नामक व्यक्ति की हत्या हो चुकी है।
बुधवार दोपहर को मृतक सुनील चौबे की शव यात्रा पुलिस साये में निकली।
लोगों ने बाणगंगा मुक्तिधाम के पास चक्काजाम किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए और हत्यारों को फांसी देने की मांग की।
मंगलवार रात जिस व्यक्ति को बदमाशों ने मौत के घाट उतारा वह 52 वर्षीय सुनील पिता रामनरेश चौबे है।
एसीपी धैर्यशील येवले के मुताबिक, सुनील की बाणगंगा मेनरोड पर कचोरी समोसे की दुकान है। मंगलवार रात हत्यारे लल्ला, नीतेश और बिल्लू एक आटो वाले से विवाद कर रहे थे। विवाद करते हुए वे सुनील की दुकान तक पहुंच गए।
विवाद के दौरान दुकान में रखा कुछ सामान ढुल गया। इसे लेकर सुनील और बदमाशों के बीच विवाद हो रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने सुनील पर चाकू से वार किया और उसे गंभीर हालत में वहीं छोड़कर भाग गए। सुनील को उसके परिजन घायल हालत में एमवायएच लेकर पहुंचे थे जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

Next Post

उत्कृष्ट उत्पादन के क्षेत्र में 25 संस्थाओं के प्रतिनिधियों को जबलपुर चैम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज ने किया सम्मान

जबलपुर। जबलपुर चैम्बर ऑफ कामर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के द्वारा आयोजित उत्कृष्ट उत्पादन के क्षेत्र में 25 संस्थाओं के प्रतिनिधियों को गरिमामय सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जानेमाने उद्योगपति कैलाश अग्रवाल एवं विशिष्ठ अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने […]