विश्वविद्यालय के विभागाध्यक्षों की निर्वाचन में ड्यूटी, यूटीडी में आगे बढ़ सकती है परीक्षा

इंदौर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के अध्ययन शालाओं की कमान संभालने वाले ज्यादातर विभागाध्यक्षों की निर्वाचन कार्य में ड्यूटी लगाई गई है।
अप्रैल के तीसरे सप्ताह में इन्हें ट्रेनिंग पर जाना पड़ सकता है। ऐसे में यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट (यूटीडी) से संचालित पाठ्यक्रम की परीक्षाएं प्रभावित हुई हैं, जिसमें अप्रैल में होने वाली दूसरे और चौथे सेमेस्टर की परीक्षाएं शामिल हैं।
अब चौथे सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को लेकर विभागाध्यक्षों की ज्यादा चिंतित है, क्योंकि इनके प्लेसमेंट हो चुके है। संभवत: मई-जून के बीच विद्यार्थियों को जॉब ज्वाइन करना है। उससे पहले परीक्षा करवाकर रिजल्ट देना है। हालांकि परीक्षाओं के संंबंध में निर्णय लेना बाकी है। अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा अब विभागाध्यक्षों की ड्यूटी के संबंध में भी आदेश आ चुके हैं। अध्ययनशाला के विभागाध्यक्षों, प्राध्यापक व सहायक प्राध्यापक को अलग-अलग निर्वाचन कार्य की जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकांश लोगों की ड्यूटी चौराहों पर वाहनों की चेकिंग में लगाई गई है।
आइएमएस, ईएमआरसी, पत्रकारिता सहित ज्यादातर विभागाध्यक्षों को अगले कुछ दिन में ट्रेनिंग लेनी है। इस वजह से विभाग से जुड़े कार्य प्रभावित होने लगे हैं। नियमानुसार अप्रैल-मई के बीच विभागों में परीक्षा करवाई जाती है। मूल्यांकन कार्य भी पंद्रह दिनों में पूरा कर विभाग अपने स्तर पर विद्यार्थियों का रिजल्ट घोषित करते है, जिसमें प्राथमिकता स्नातक व स्नातकोत्तर अंतिम सेमेस्टर वाले छात्र-छात्राओं को लेकर रहती है।
लोकसभा चुनाव के अंतर्गत इंदौर जिले में 13 मई को मतदान है। तब तक विभागाध्यक्षों को ड्यूटी करनी होगी। इस दौरान परीक्षा करवाना थोड़ा मुश्किल होगा, क्योंकि शिक्षक भी निर्वाचन कार्यों की जिम्मेदारी संभाले हुए हैं। सोमवार को कुलपति डा. रेणु जैन और विभाग अध्यक्षों के बीच परीक्षा से जुड़े मुद्दे पर चर्चा हो सकती है।

 

Next Post

हैदरी मस्जिद में लहराए मोदी के पोस्टर, गूंजा 'मोदी है तो मुमकिन है' का नारा

भोपाल। लोकसभा चुनाव का प्रचार अपने चरम सीमा में है। राजधानी में भी तमाम सियासी दल व प्रत्याशी मतदाताओं को अपनी ओर लुभाने में जुटे हैं। भोपाल संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा ईद के मौके पर दाऊदी बोहरा समुदाय के बीच जुमेराती इलाके में स्थित अलीगंज हैदरी मस्जिद […]