पैसों के विवाद में महिला टेलर ने महिला पार्षद पर पेट्रोल छिड़ककर लगा दी आग, घटना पार्षद के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद

DR. SUMIT SENDRAM

शिवपुरी। फिजिकल थाना क्षेत्र अंतर्गत इंद्रा कॉलोनी में निवासरत वार्ड 27 की महिला पार्षद के घर सुबह एक महिला टेलर पहुंची और उसने पार्षद से झगड़ा करते हुए उसके ऊपर पेट्रोल छिड़क कर हत्या का प्रयास किया, हालांकि इस प्रयास में महिला टेलर बुरी तरह से जल गई है, जबकि महिला पार्षद के सिर्फ हाथ और माथा ही झुलसा है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच दर्पण कॉलोनी में निवासरत महिला टेलर इंद्रा कॉलोनी में निवासरत वार्ड 27 की महिला पार्षद के घर पहुंची। घर के अंदर घुसकर सीधा प्रथम तल पर पहुंची और महिला पार्षद के साथ कुछ बहसबाजी की। यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
इसके बाद दोनों महिला कैमरे के फोकस से आउट हो गईं। कुछ ही सेकंड में कैमरे में आग की चिंगारी सी दिखी, इसी दौरान महिला पार्षद मौके से भागते हुए नजर आईं, जिनके कपड़ों में आग लगी थी। पार्षद के परिवार के सदस्य महिला टेलर की आग बुझाते हुए नजर आए।
हालांकि, पूरे घटनाक्रम में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग किसने लगाई और कैसे लगी। पूरे घटनाक्रम के पीछे के कारणों पर दोनों महिलाओ के परिजन कुछ बोलने को नहीं तैयार हुए।
पार्षद के पति का कहना है कि वह तो घर पर सो रहे थे, उन्हें कुछ नहीं पता कि महिला टेलर क्यों आई और पूरा घटनाक्रम क्या है। हालांकि देर रात महिला पार्षद ने पुलिस को बयान दिया कि महिला टेलर से उसने कुछ कपड़े सिलवाए थे।
सिलाई के पैसे उसने दे दिए थे, लेकिन महिला टेलर का कहना था पैसे और देना है। इसी बात को लेकर वह घर पर पेट्रोल लेकर पहुंची और उससे झगड़ा करते हुए पेट्रोल छिड़क कर उसकी हत्या का प्रयास किया।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने बताया कि सिलाई के पैसों के लेनदेन को लेकर महिला टेलर ने घर आकर विवाद किया और पार्षद पर पेट्रोल छिड़ककर उसको आग लगाने का प्रयास किया। महिला टेलर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

 

Next Post

बिजली का सिर्फ एक यूनिट आपकी जेब को दे सकता है एक हजार रुपये का झटका, एक यूनिट अधिक खपत, और सब्सिडी से बाहर हो जाएंगे उपभोक्ता

भोपाल। महज एक यूनिट बिजली अधिक खपत हो गई तो क्या हो जाएगा? सामान्य स्थितियों में कुछ लोग बेपरवाही से यह सवाल पूछकर खुश हो लेते हैं, लेकिन इस महीने मध्य प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को जो बिल आए हैं, उन्होंने इसका जवाब दिया है। केवल एक यूनिट खपत बढ़ […]