डिंडोरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “मुस्कान विशेष अभियान” के अंतर्गत डिंडौरी पुलिस द्वारा नाबालिग गुमशुदा बालिकाओं की दस्तयाबी, बालिकाओं के पलायन की रोकथाम, सुरक्षा, जागरूकता एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से जिले भर में व्यापक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
अभियान के क्रम में सोमवार को कस्तूरबा कन्या शाला डिंडौरी में लगभग 600 बालिकाओं को महिला अपराध से बचाव, साइबर सुरक्षा, आत्मरक्षा, बाल तस्करी, बाल विवाह से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देकर जागरूक किया गया। छात्राओं के साथ संवाद स्थापित कर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह, अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीओपी डिंडौरी सतीश द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गा प्रसाद नगपुरे, यातायात थाना प्रभारी सुभाष उईके तथा स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।
दिनांक 01.11.2025 से लगातार संचालित मुस्कान विशेष अभियान के तहत अब तक डिंडौरी पुलिस द्वारा जिले एवं बाहरी राज्यों से कुल 21 नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया है।
अभियान के ये परिणाम डिंडौरी पुलिस की संवेदनशीलता, दक्षता एवं प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करते हैं।


