मुरैना। जिले के बागचीनी थाना क्षेत्र के बदरपुरा गांव के पास एक चौराहे पर बदमाशों ने 19 वर्षीय युवती को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
परिजनों ने बताया कि युवती अपनी मां के मामा के घर बल्हेरा गांव गई हुई थी। वहां से लौटते समय वह अपने माता-पिता के साथ बाइक से अपने गांव बदरपुरा जा रही थी। गांव से पहले एक चौराहे पर चार बदमाशों ने उनकी बाइक को रोका और युवती को तीन गोलियां मार दी।
घटना के बाद युवती के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए जौरा पीएम हाउस पहुंचाया, लेकिन वहां महिला डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण शव को मुरैना भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि आरोपियों से उनका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।


