उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में आज महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाया गया।
इस दौरान देशभर से भक्त महाकाल दर्शन करने उज्जैन पहुंचे।
आधी रात से ही बोल बम के जयकारों से धर्मधानी गुंजायमान हो गई।
गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात 2.30 बजे मंदिर के पट खुलने के साथ लगातार 44 घंटे भक्तों को भगवान महाकाल के दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान गर्भगृह में भगवान महाकाल के अभिषेक पूजन का दौर चलता रहेगा।
वही, रात 11 बजे से महानिशाकाल में महाकाल की महापूजा होगी।
शनिवार तड़के 4 बजे भगवान के शीश सवा मन फल व फूलों से बना पुष्प मुकुट सजाया जाएगा। इसके बाद सुबह 10.30 बजे तक पुष्प मुकुट के दर्शन होंगे। शनिवार दोपहर 12 बजे साल में एक बार दिन में होने वाली भस्म आरती होगी।
बता दें देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में महाकालेश्वर एक मात्र ज्योतिर्लिंग है, जहां शिवनवरात्र उत्सव मनाया जाता है।
शिवनवरात्र के आठवें दिन गुरुवार को भगवान महाकाल का शिवतांडव रूप में श्रृंगार किया गया था।


