सीहोर। रसोई गैस को लेकर अचानक पैदा हुई अव्यवस्था ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। गैस कंपनियों का आधिकारिक बुकिंग नंबर पिछले एक-दो दिन से ठप होने के कारण लोग सिलेंडर बुक नहीं कर पा रहे हैं। लगातार कॉल करने के बावजूद नंबर न लगने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है।
हालात ऐसे बन गए हैं कि कई घरों की रसोई पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों के दफ्तरों पर पहुंच रहे हैं, जहां ऑफलाइन बुकिंग कराने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं।
अचानक बढ़ी भीड़ के कारण एजेंसी कर्मचारियों को भी व्यवस्था संभालने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गैस बुकिंग नंबर बंद होने के बाद उपभोक्ताओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यह खड़ा हो गया है कि आखिर सिलेंडर कैसे बुक किया जाए।
गैस उपभोक्ता राजेश कुशवाह बताते हैं कि वे सुबह से कई बार कॉल लगा चुके हैं, लेकिन नंबर नहीं लग रहा। मजबूरी में एजेंसी आकर लाइन में लगना पड़ा। यही स्थिति सैकड़ों अन्य लोगों की भी है, जो अपने नंबर आने का इंतजार करते हुए घंटों खड़े दिखाई दे रहे हैं।
गैस की परेशानी को बढ़ाने में एक और बड़ा कारण यह भी है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव की खबरों ने लोगों के मन में डर पैदा कर दिया है। कई लोग आशंका जता रहे हैं कि यदि हालात और बिगड़े तो गैस की सप्लाई प्रभावित हो सकती है।
इसी डर के कारण कई घरों में पहले से भरे सिलेंडर होने के बावजूद लोग अतिरिक्त टंकियां लेने की कोशिश कर रहे हैं। इस पैनिक बुकिंग ने असली जरूरतमंदों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि जिले में फिलहाल गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन अनावश्यक भंडारण से व्यवस्था बिगड़ रही है।
बता दे कि गैस संकट का सबसे ज्यादा असर उन परिवारों पर पड़ रहा है, जहां इन दिनों शादी-विवाह के कार्यक्रम चल रहे हैं। कैटरर्स और मैरिज गार्डन संचालकों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है, क्योंकि पुराने स्टॉक तेजी से खत्म हो रहे हैं।
एक परिजन ने बताया कि महीनों पहले शादी की तैयारियां शुरू की थीं, लेकिन ऐन वक्त पर गैस सिलेंडर की समस्या ने पूरा गणित बिगाड़ दिया है।
गैस की बढ़ती मांग और संभावित कालाबाजारी को देखते हुए प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। आष्टा एसडीएम नितिन टाले ने पुलिस और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ गैस वितरकों की बैठक ली। इस दौरान कमर्शियल और घरेलू सिलिंडरों के स्टॉक की समीक्षा की गई।
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यदि किसी एजेंसी स्तर पर जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही एसडीएम ने आष्टा क्षेत्र की कई गैस एजेंसियों के गोदामों का निरीक्षण भी किया।


