भोपाल। मप्र स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8 वीं की बोर्ड पैटर्न पुनः परीक्षाओं का परिणाम शुक्रवार दोपहर 3 बजे राज्य शिक्षा केन्द्र के परीक्षा पोर्टल पर घोषित कर दिया गया है। घोषित परिणामों के अनुसार इन परीक्षाओं में कक्षा 5वीं के 79.63 प्रतिशत विद्यार्थी जबकि कक्षा 8वीं के 74.98 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं।
राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक हरजिंदर सिंह ने बताया कि विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षकगण परीक्षा परिणामों को राज्य शिक्षा केन्द्र के वेबपोर्टल www.rskmp.in/result.aspx पर अपना रोल नम्बर प्रविष्ट कर देख सकते हैं। इसी पोर्टल पर शिक्षक, संस्था प्रमुख को भी अपनी शाला का विद्यार्थीवार परिणाम भी देखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
बता दें कि परीक्षाओं का संचालन विगत 2-9 जून के मध्य किया गया था। जिनमें प्रदेश की शासकीय, अशासकीय शालाओं एवं पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 86 हजार 764 तथा कक्षा 8वीं के 1 लाख 24 हजार 695 विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे। इन विद्यार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए कुल 322 केन्द्र बनाये गए थे जहां से 22 हज़ार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं के द्वारा अंकों की ऑनलाइन प्रविष्टि पोर्टल पर दर्ज की गई है।


