सीधी। लोकसभा निर्वाचन 2024 के मतगणना के संबंध में कलेक्टर एवं रिटर्निंग ऑफीसर स्वरोचिष सोमवंशी की अध्यक्षता में संसदीय निर्वाचन क्षेत्र 11-सीधी के अभ्यर्थियों एवं उनके अभिकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मतगणना के लिए की गई तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए रिटर्निंग ऑफीसर स्वरोचिष सोमवंशी ने आश्वस्त किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विहित प्रक्रियाओं, नियमों तथा निर्देशों के अनुरूप पूरी निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ मतगणना संपन्न की जायेगी।
स्वरोचिष सोमवंशी ने कहा कि सभी अभ्यर्थियों के सहयोग से संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ है। इसी प्रकार मतगणना का कार्य भी शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होगा।
उन्होने बताया कि जिले की 4 विधानसभा क्षेत्रों 76-चुरहट, 77-सीधी, 78-सिहावल एवं 82-धौहनी की मतगणना संजय गांधी स्मृति शासकीय महाविद्यालय (पुराना भवन) सीधी में दिनांक 04.06.2024 को की जायेगी।
मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम प्रातः 7 बजे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक, रिटर्निंग ऑफीसर/सहायक रिटर्निंग ऑफीसर एवं अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि की उपस्थिति में खोला जावेगा।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए दो-दो कक्षों में व्यवस्था की गई है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 16 टेबिल में ईव्हीएम की मतगणना की जावेगी।
विधानसभा क्षेत्र सिहावल एवं धौहनी में पोस्टल बैलट एवं ईटीपीबीएस की मतगणना के लिए 4-4 टेबिल लगाई गई है। विधानसभा क्षेत्र सिहावल एवं धौहनी में पोस्टल बैलट की गिनती प्रातः 8 बजे से तथा ईव्हीएम की मतगणना 8.30 बजे से होगी। विधानसभा क्षेत्र चुरहट एवं सीधी में ईव्हीएम की मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारंभ होगी।
उन्होने बताया कि पोस्टल बैलट एवं ईटीबीपीएस को ट्रेजरी से स्ट्रांग रूम मे दिनांक 03.06.2024 को दोपहर 3 बजे स्थानांतरित किया गया जिसमें अभ्यर्थी या उनके प्रतिनिधि की उपस्थिति अपेक्षित है।


