जबलपुर। शहर के रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात 25 वर्षीय सुमित चौधरी की चाकू-तलवार मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना में सुमित के चाचा और चचेरे भाई को भी गंभीर चोट आई थी। पड़ोस में ही रहने वाले सात लोगों के खिलाफ रांझी पुलिस ने हत्या का मामला कायम किया था।
मंगलवार को रांझी पुलिस ने शहर छोड़कर भागने की तैयारी कर रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें आरोपी पिता-पुत्र भी शामिल हैं।
बताया गया कि मृतक का होली पर आरोपी हेमंत से विवाद हुआ था। उस समय सुमित ने उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ की थी। तभी से वह बदला लेने की फिराक में था।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार देर रात लगभग 1 बजे हेमंत अपने भाई मनोज और साथी अभिषेक, भानू, फ्रांसिस और सिमोन के साथ सुमित के घर पहुंचा और गाली-गलौच करते हुए उसे बाहर निकलने को कहा। आवाज सुनकर सुमित के बाहर निकलते ही आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और रस्सी से बांधकर उसे घर से 100 मीटर दूर लेकर आए। तब तक फ्रांसिस का पिता मार्टिन भी आ चुका था। सभी ने मिलकर चाकू, तलवार से सुमित के साथ जमकर मारपीट की।
शोर सुनकर सुमित के चाचा गुरुचरण अपने बेटे शुभम के साथ सुमित को बचाने पहुंचा। हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए आरोपी वहा से निकल गए।
शोर सुनकर लोग अपने-अपने घर से बाहर निकल आए। गंभीर हालत में तीनों को इलाज के लिए रांझी अस्पताल लेकर पहुंचे। सुमित की हालत नाजुक होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। रविवार सुबह इलाज के दौरान सुमित ने दम तोड़ दिया।
रांझी पुलिस ने गुरुचरण की शिकायत पर सात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी।
अति. पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि वारदात के बाद से ही सभी आरोपी फरार हो गए थे, लगातार उनकी तालाश जारी थी, इस बीच जानकारी लगी कि आरोपी शहर छोड़ने की फिराक में हैं। रांझी पुलिस ने घेराबंदी करते हुए 6 हत्यारों को गिरफ्तार कर उनके पास से चाकू और तलवार बरामद की। एक आरोपी जिसका नाम सिमोन है, अभी वह पुलिस के गिरफ्त से दूर है।
रांझी थाना प्रभारी मानस द्विवेदी ने बताया कि मृतक सुमित का आरोपी हेमंत और मार्टिन से विवाद चला आ रहा था। होली में हुए विवाद को मौके पर मौजूद लोगों ने शांत करवा दिया था, इसके बाद एक सप्ताह पहले फिर से सुमित से लड़ाई हुई थी। आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए मृतक के घर पर पेट्रोल बम भी फेंके थे। पुलिस ने सुमित की हत्या के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अभी फरार है, जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

