ग्वालियर। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात एक बजे आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे के शिवपुरी लिंक रोड स्थित शीतला माता मंदिर के गेट के पास एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे कांवड़ियों को रौंद दिया। हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर मौत हो गई एवं एक कांवड़िये की मौत इलाज के दौरान अस्पताल में हुई। वही, दो अन्य कांवड़ियों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद कार पलट गई और कार सवार मौके से फरार हो गए। मृतकों में तीन एक ही परिवार के बताए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक तेज रफ्तार कार की टक्कर के बाद कार सहित कांवड़िये सड़क के नीचे खाई में गिर गए थे।
सूचना मिलते ही कंपू, जनकगंज, झांसी रोड एवं माधौगंज थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को खाई से निकालकर जेएएच के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। जहाँ, डॉक्टरों ने तीन कांवड़ियों को मृत घोषित कर दिया।
सीएसपी हीना खान ने बताया कि कार काफी स्पीड में थी। इसी दौरान टायर फट गया, जिस कारण अचानक बेकाबू होकर कांवड़ियों को रौंदते हुए हाईवे से नीचे झाड़ियों में पलट गई। पुलिस पहुंची तो कार में कोई नहीं मिला। कार सवारों की तलाश की जा रही है।
हादसे में सिमरिया घाटीगांव निवासी पूरन बंजारा, रमेश बंजारा, दिनेश बंजारा एवं धर्मेंद्र उर्फ छोटू की मौत हो गई।
बताया गया कि दो दिन पहले सिमरिया पंचायत में बंजारों का पुरा से एक परिवार और समाज के 13 लोग कांवड़ भरने के लिए निकले थे। सभी भदावना के शिवमंदिर के झरने से जल लेकर घाटीगांव के सिमरिया लौट रहे थे। कांवड़ में भरे जल से बुधवार को महादेव का अभिषेक करना था। शीतला माता मंदिर तिराहा पर पहुंचे ही थे कि हादसा हो गया। घटनास्थल से उनका गांव 35 किमी ही दूर था।


