सीधी। लहसुन की महंगाई से जहां एक ओर किसान खुश हैं, वहीं बढ़ते दाम किसानों के लिए आफत भी बनते जा रहे हैं।
समस्या इसलिए क्योंकि लहसुन के बढ़ते दामों के कारण खेतोंं में चोरों ने सेंध लगानी शुरू कर दी है।
लहसुन फसल चोरी का एक मामला सीधी जिले के गांव जोकहा से सामने आया है।
वहीं, दूसरी ओर चोरी के डर के कारण गांव जोकहा में किसान रात मे लहसुन की फसल की पहदारी करते नजऱ आते हैं। इतना ही नही खेतों में किसान अब सीसीटीवी कैमरा भी लगाने लगे हैं, जिससे 24 घंटे फसलों पर निगरानी रखी जाए।
दरअसल बीते दिनों जिले के चमरौहा तहसील क्षेत्र अंतर्गत गांव जोकहा में किसान कुलदीप पाण्डेय के खेत से चोरो ने लहसुन की फसल चुरा ली, जिसकी जानकारी किसान को सुबह खेत पहुंचने पर लगी। इसके अलावा और भी खेतों से ऐसे मामले सामने आने लगे। इस डर के किसान चन्द्रशेखर एवं चन्द्रमन विश्वकर्मा ने अपने खेतो में सीसीटीवी कैमरा लगा कर श्वान छोड़ दिए साथ ही गार्ड की भी तैनाती कर दी है।
इतना ही नहीं, ये अब खुद बंदूक लिए खेतों में फसलों की पहरेदार करते नज़र आ रहे हैं, क्योकि बढ़ते दामों के कारण किसान की मेहनत पर पानी फेरने वाले चोर उत्पात मचाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
कृषक लक्ष्मण पाण्डेय के अनुसार बीज के दाम ज्यादा होने और बदलते मौसम के कारण उत्पादन कम हो रहा है। जिस कारण लहसुन की आवक कम हुई और लहसुन के दाम बढ़ने लगे है। मंडी में गीली लहसुन 15 हजार रुपये क्विंटल तक और सूखी लहसुन 40 हजार रुपये क्विंटल तक बिक रही है। पिछले वर्ष 12 हजार से 14 हज़ार प्रति क्विंटल तक भाव मिले थे। अब चार गुना बढ़े भाव में लहसुन मिल रहे है।


