रतलाम। रविवार को महाराष्ट्र की एंबुलेंस से डोडाचूरा ले जाते हुए रतलाम पुलिस ने दो तस्करो को दबोचा है।
एंबुलेंस पर महाराष्ट्र के पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पंवार, राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रमुख शरद पंवार समेत अन्य नेताओं के फोटो लगे हुए है। एंबुलेंस पर राष्ट्रवादी कांग्रेस रायगढ़ लिखा है। डोडाचूरा एंबुलेंस से मंदसौर से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर सेजावता फाटे पर पुलिस ने एंबुलेंस (एमएच 06 बीडब्लू 5365) को रोक कर जांच की। ड्राइवर ने अपना नाम रणजीत (42) पिता गंगाराम मोडके और पास बैठे व्यक्ति ने अपना नामा रुपेश (35) पिता लक्ष्मण दोनों निवासी ग्राम तला थाना तला जिला रायगढ़ महाराष्ट्र बताया।
एंबुलेंस की तलाशी लेने पर उसमें 42 प्लास्टिक के बोरे मिले, जो धागे से पैक थे। बोरों को खोलकर चेक करने पर अंदर डोडाचूरा भरा मिला। बोरे में करीब 17 लाख रुपए का 39 किलो 850 ग्राम डोडाचूरा निकला। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एंबुलेंस को जब्त कर लिया है।
पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह मदंसौर के सीतामऊ से डोडाचूरा महाराष्ट्र लेकर जा रहे थे। पुलिस डोडाचूरा किसे देना था और किससे लिया है। इसकी भी जांच कर रही है।
एसपी अमित कुमार के मुताबिक पूछताछ में अभी तक सामने आया है कि उक्त दोनों आरोपी कोरियर बॉय के रुप में काम कर रहे है। डोडाचूरा बेचने और खरीदने वाला और कोई है। पूर्व में यह दोनों एंबुलेंस से 5 से 6 बार महाराष्ट्र डोडाचूरा बड़ी मात्रा में ले जा चुके है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि तस्करी के लिए तस्कर एंबुलेंस का सहारा ले रहे है। जिले में काफी मात्रा में प्राइवेट एंबुलेंस है। जिनकी चेकिंग की जाएगी।
कार्यवाही में औद्योगिक थाना प्रभारी वीडी जोशी, उपनिरीक्षक सत्येंद्र रघुवंशी, सहा. उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भूरिया, प्रधान आरक्षक नीरज त्यागी, आरक्षक पवन मेहता, अर्जुन खिंची आदि की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को 10 हजार एवं आईजी की तरफ से 30 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की है।

