ईडी छापे के बाद कंपनी मालिक की पत्नी ने खाया जहर, सुसाइडट नोट में लिखा चिराग पासवान के समर्थक का नाम

भोपाल। जयश्री गायत्री फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड पर बीते बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद गुरुवार देर शाम को कंपनी के संचालक किशन मोदी की पत्नी पायल मोदी ने अपने शाहपुरा बी-सेक्टर स्थित घर में जहर खाकर खुदकुशी का प्रयास किया। एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
जहर खाने से पहले पायल ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है।
चौंकाने वाली बात यह है कि सुसाइड नोट में पायल ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी से जुड़े कुछ लोगों के नाम लिखकर उनको जिम्मेदार ठहराया है।
सुसाइड नोट में पायल ने लिखा है कि चंद्रप्रकाश पांडे और उनके भाई लोजपा के वेदप्रकाश पांडे ने हमारी कंपनी में चोरी की थी। इसको लेकर प्रकरण भी दर्ज करवाया था, लेकिन दोनों भाई अपनी राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल कर बच गए और अब हमारी कंपनी पर ईओडब्ल्यू, एफएसएसएआई, सीजीएसटी और अब ईडी की कार्रवाई करवा रहे हैं। मेरे पति किशन मोदी को कई बार जान से मारने की धमकी भी मिली है। ऐसे में मेरे पास तीन छोटे बच्चों को छोड़कर मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं है। सुसाइड नोट में सुनील त्रिपाठी, भगवान सिंह मेवाड़ा एवं हितेश पंजाबी के नाम भी लिखे हैं।
चूनाभट्टी थाना प्रभारी भूपेंदर कौर संधू ने बताया कि पायल और उनके परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे।
गौरतलब है कि ईडी ने मनी लांड्रिंग एक्ट के अंतर्गत भोपाल में कंपनी के संचालक किशन मोदी, पायल मोदी और अमित कुकलोद के आवासीय परिसरों के साथ ही सीहोर और मुरैना में कंपनी परिसरों सहित छह स्थानों पर बुधवार को छापेमारी कार्रवाई को अंजाम दिया था।

 

Next Post

रेत माफियाओ ने किया भिंड कलेक्टर पर हमला, सुरक्षाकर्मियों के फायरिंग के बाद भाग निकले हमलावर

भिंड। कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव पर गुरुवार देर रात रेत माफिया ने हमला कर दिया। बताया गया कि कलेक्टर उमरी इलाके में रेत का अवैध खनन रोकने गए थे। बदमाशों ने रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाने के लिए पथराव कर दिया। जिसके बाद कलेक्टर के सुरक्षाकर्मियों ने फायरिंग कर बदमाशों को […]