किसानों को न्याय न मिलने तक विधायक बाबू जंडेल नहीं पहनेंगे जूते, विधायक ने बर्बाद हुई फसलों का लिया जायजा

DR. SUMIT SENDRAM

श्योपुर। अपने अंदाज और बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने अब एक प्रतिज्ञा लेकर फिर सुर्खियों में आ गए है।
कांग्रेस विधायक ने घोषणा की है कि जब तक जिले के किसानों को मुआवजा और न्याय नहीं मिल जाता, तब तक वह जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे।
मंगलवार शाम करीब 4 बजे विधायक बाबू जंडेल बड़ौदा तहसील के उतनवाड़ गांव पहुंचे, जहां उन्होंने बेमौसम बारिश से बर्बाद हुई फसलों का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने किसानों के समर्थन में कहा कि जब तक नुकसान की भरपाई नहीं होती और उन्हें मुआवजा नहीं मिलता, वे नंगे पैर ही रहेंगे। उनका यह संकल्प सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विधायक बाबू जंडेल ने बड़ौदा–प्रेमसर क्षेत्र में वर्षा से खराब हुई धान की फसल का निरीक्षण किया और कमलनाथ मॉडल पर किसानों को राहत देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार के समय अतिवृष्टि से बर्बाद फसलों के लिए बिना सर्वे के मुआवजा दिया गया था, अब भी किसानों को उसी तरह राहत दी जानी चाहिए। सर्वे के नाम पर राजस्व अमले की लूट को रोका जाए।
उन्होंने आगे कहा कि किसानों को बिना सर्वे शत-प्रतिशत नुकसान मानकर मुआवजा दिया जाए, एक वर्ष का बिजली बिल माफ किया जाए और केसीसी कर्ज का ब्याज माफ किया जाए।
विधायक बाबू जंडेल ने चेतावनी दी कि यदि किसानों को न्याय नहीं मिला तो वह जीवनभर जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे।
मंगलवार को वह अपने इस एलान पर कायम रहे और पूरे दिन नंगे पैर खेतों में घूमकर किसानों की फसलों का हाल देखा।
विधायक बाबू जंडेल की यह ‘नंगे पैर प्रतिज्ञा’ अब श्योपुर जिले में चर्चा का नया विषय बन गई है।

 

Next Post

रिसॉर्ट और सड़क के बीच गुस्से में दौड़ती नजर आई बाघिन, बांधवगढ़ में दिखा हैरान करने वाला नजारा

उमरिया। जिले के बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मध्य से गुजरने वाली ताला उमरिया रोड पर गढ़पुरी में बने एक रिसॉर्ट और सड़क के बीच से गुस्से में एक बाघिन के दौड़ने का वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में बाघिन रिसॉर्ट के ठीक सामने से दौड़ती हुई नजर आ रही […]