भोपाल। रविवार को मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग एमपीपीएससी की राज्य पात्रता परीक्षा आयोजन किया गया।
01 मार्च को प्रदेशभर में अनेक केंद्रों पर यह परीक्षा हुई।
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा राज्य पात्रता परीक्षा एक सत्र में आयोजित की गई। यह परीक्षा दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होकर अपरान्ह 3 तक चली। परीक्षा ऑफलाइन मोड में कराई गई।
एमपीपीएससी की इस अहम परीक्षा के लिए तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
इसकी निष्पक्षता और लोगों में परीक्षा के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए आईएएस ऑफिसर को संभागीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया। तमाम तैयारियों के बावजूद राज्य पात्रता परीक्षा में चूक हो गई। भोपाल के एक परीक्षा केंद्र में गलत पेपर बांट दिया गया। करीब आधे घंटे बाद अभ्यर्थियों से पेपर वापस लिया गया।
जानकारी के मुताबिक राज्य पात्रता परीक्षा में राजधानी भोपाल के परीक्षा केंद्र कमला नेहरू हायर सेेंकेंडरी सीबीएसई स्कूल में यह गड़बड़ी हुई। 11.55 बजे एमपीपीएससी की प्रश्न पत्र पुस्तिका वितरित की गई, जिसमें गलत पेपर बांट दिया गया। जब इसकी भनक लगी तो करीब आधे घंटे बाद अभ्यर्थियों से यह पेपर वापस ले लिया गया। तब तक अभ्यर्थी प्रश्नपत्र के सवालों को हल कर चुके थे। गलत पेपर वापस लेने के बाद अभ्यर्थियों को दूसरा पेपर बांटा गया। इसे लेकर काफी गहमागहमी की स्थिति बनी रही।


