उज्जैन। माधव नगर रेलवे स्टेशन पर बीते शनिवार शाम को एक सनसनीखेज लूट की वारदात हो गई। टिकट खिड़की कक्ष में बैठे क्लर्क की आंखों में मिर्च पाउडर जाकर एक बदमाश उसके हाथों से 35 हजार रुपये छीन कर फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक टिकट विंडो कक्ष का पीछे का दरवाजा खुला था। इससे बदमाश अंदर आया और रुपये लेकर भाग निकला। वही, जीआरपी को सीसीटीवी कैमरों के फुटेज हाथ लगे हैं। इसके आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है।
जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार ने बताया कि शनिवार को माधव नगर रेलवे स्टेशन की ओर बनी टिकट विंडो कक्ष में क्लर्क यक्षित सोनकर बैठा हुआ था। यक्षित सोनकर टिकट बिक्री से प्राप्त रुपये गिन रहा था।
इस दौरान कक्ष में पीछे के दरवाजे से एक बदमाश घुसा और उसने बुकिंग क्लर्क की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उसके हाथों से 35 हजार रुपये छीन लिए और भाग निकला। इसके बाद यक्षित सोनकर ने शोर मचाया तब तक बदमाश वहां से भाग निकला था। उसने इसकी जानकारी रेलवे के अधिकारियों और जीआरपी को दी थी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

