भिंड। जिले के गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के दिलीप सिंह के पुरा में रविवार देर रात शादी समारोह स्थल के पास पेशाब करने से मना करने के मामले में हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
मेहगांव विधायक व कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला के समधी बताए जा रहे आरोपी जेपी कांकर ने अपने भाई सुनील कांकर व साथ दीपू बौहरे निवासी मुरलीपुरा हाल अटेर रोड के साथ मिलकर लाइसेंसी राइफल से 24 वर्षीय गौरव गुर्जर पर फायरिंग की, जिससे गौरव गंभीर रूप से घायल हो गया। देर रात घायल गौरव को ग्वालियर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिजन और ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया। ग्रामीणो ने ग्वालियर–इटावा हाइवे पर दिलीप सिंह के पुरा के पास शव रखकर चक्काजाम कर दिया गया, जिससे दोनों ओर यातायात घंटों प्रभावित रहा। जिसके चलते प्रशासन ने वाहनों का रूट डायवर्ट कराया।
जानकारी के मुताबिक गौरव के चाचा सुरेश गुर्जर की बेटी की शादी थी और घर के बाहर भात का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान ग्वालियर से भिंड जा रहे जेपी कांकर और उनके साथियो ने कार रोक दी। जेपी कांकर रोड किनारे टायलेट करने लगा तो गौरव ने कार्यक्रम का हवाला देकर गाड़ी हटाने को कहा। इस पर जेपी कांकर ने कहा कि जानता नहीं मैं मंत्री का समधी हूं। इसी पर कहासुनी बढ़ी और जेपी कांकर और उसके साथियो ने पीछा करते हुए 50 मीटर दूर जाकर गौरव को गोली मार दी।
चक्काजाम के दौरान ग्रामीणों ने नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप है कि मुख्य आरोपी जेपी कांकर मंत्री का करीबी है।
परिजन ने आरोपियों के मकान तोड़ने, आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी, शस्त्र लाइसेंस और गोहद चौराहा टीआई को हटाने की मांग रखी।
पुलिसद्वारा आरोपी जेपी कांकर, सुनील कांकर एवं दीपू बौहरे के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया।
पुलिस द्वारा टीमे में गठित कर आरोपियों की पकड़ने के लिए अलग-अलग जगह पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने मुख्य आरोपी जेपी कांकर को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं अन्य आरोपी अभी फरार है।
एसडीओपी(अटेर) रविंद्र वास्कले ने बताया कि शादी स्थल के पास हुए विवाद में तीन लोगों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मुख्य आरोपित जेपी कांकर को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है।


