उज्जैन। शनिवार सुबह श्री महाकालेश्वर मंदिर के अन्न क्षेत्र में हादसा हो गया। वहां काम कर रही एक महिला का दुपट्टा आलू छीलने की मशीन में फंस गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, मंदिर प्रशासक गणेश धाकड़ सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।
महाकाल पुलिस ने बताया कि श्री महाकालेश्वर मंदिर के अन्न क्षेत्र में शनिवार सुबह रजनी खत्री नामक महिला काम कर रही थी। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए भोजन बनाने में आलू छीलने की मशीन का उपयोग होता है। काम के दौरान महिला का दुपट्टा आलू छीलने की मशीन में फंस गया। जिससे उसके गले में गंभीर चोट आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
अधिकारियों ने फिलहाल अन्न क्षेत्र में जिस जगह हादसा हुआ उस कमरे को सील कर दिया है। फिलहाल भोजन बनाने का काम रोक दिया गया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।

