भोपाल। नवरात्री पर्व प्रारम्भ होने के साथ ही शहर में प्रॉपर्टी के कारोबार में भी उछाल आ गया है।
नवरात्री के पहले दिन ही पंजीयक कार्यालयों में रजिस्ट्री कराने लोगों की भीड़ लगी रही।
दरअसल, लोगों ने पितृपक्ष से पहले प्रॉपर्टी के सौदे कर लिए थे और अब नवरात्री के शुभ मुहूर्त में रजिस्ट्री करवा रहे हैं। पहले दिन करीब 200 ई-रजिस्ट्री होने के साथ ही सौ करोड़ के सौदे हुए हैं।
शहर में अवैध कॉलोनियों पर सख्ती के बाद गणेशोत्सव के शुभ मुहूर्त में भी लोगों ने प्रॉपर्टी की खरीद -फरोख्त नहीं की। यही कारण रहा कि इस दौरान एक हजार से कम रजिस्ट्री हुईं थी।
वहीं, पितृ पक्ष के दौरान प्रॉपर्टी बाजार स्थिर हो गया था। लोगों ने प्रॉपर्टी का सौदा तो किया, लेकिन रजिस्ट्री के लिए वह नवरात्री के शुभ मुहूर्त का इंतजार कर रहे थे।
यही कारण रहा कि पहले दिन गुरुवार को आईएसबीटी, परी बाजार, बैरसिया स्थित पंजीयन कार्यालय में लोग बड़ी संख्या में सुबह 10 बजे से ही रजिस्ट्री कराने पहुंचने लगे थे। पहले दिन लगभग 200 ई-रजिस्ट्री दर्ज की गई हैं, जिनसे सौ करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ है। इनमें सबसे ज्यादा प्लॉट और नए फ्लैट की रजिस्ट्रियां हैं।
जबकि, जमीन और री-सेल वाली प्रॉपर्टी के सौदे कम रहे। सर्वर में दिक्कत नहीं होने से सभी कार्यालयों में आसानी से रजिस्ट्रियां हुईं। अब गुरुवार को नवरात्री प्रतिपदा से शुरू हुआ प्रॉपर्टी बाजार में बूम का यह सिलसिला धनतेरस और दीपावली तक जारी रहने की उम्मीद है।

