डिंडोरी। बुधवार को जिला पंचायत डिंडोरी में जिला पंचायत अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के बीच तीखी बहस हुई। सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने अधिकारियों पर ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
इस मामले में कर्मचारी संघ सीईओ के समर्थन में उतर आया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते के मुताबिक दोपहर करीब 12:15 बजे सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने उन्हें अपने चैंबर में बुलाया था। बातचीत के दौरान उन्होंने ‘एक बगिया मां के नाम’ योजना में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया।
रुदेश परस्ते के बताया कि अधिकारियों ने सप्लायर के साथ मिलकर सूखे और बिना जड़ वाले पेड़ उपलब्ध कराए हैं।
उन्होंने जाली, खाद व अन्य सामग्री भी एक ही फर्म से खरीदने का आरोप लगाया।
यह योजना पूरे जिले में 726 स्वयं सहायता समूहों को पेड़ उपलब्ध कराने के लिए है, जिस पर लगभग 14 करोड़ रुपए खर्च होने हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष का आरोप है कि इतना सुनते ही सीईओ भड़क गए और गनमैन को बुलाकर उन्हें चैंबर से बाहर निकलवा दिया।
वही, जिला पंचायत सीईओ दिव्यांशु चौधरी ने बताया कि अध्यक्ष उन पर 15वें वित्त आयोग की राशि से होने वाले निर्माण कार्यों की राशि निकलवाने का दबाव बना रहे थे। अध्यक्ष को बताया था कि इस संबंध में 22 तारीख को सभी सदस्यों के साथ चर्चा की जाएगी और नियमानुसार ही कार्रवाई होगी।
सीईओ के मुताबिक इतना सुनते ही जिपं अध्यक्ष भड़क गए और अभद्रता शुरू कर दी। इसी के चलते उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
‘एक बगिया मां के नाम’ योजना के संबंध में सीईओ ने स्पष्ट किया कि किसी फर्म पर दोषारोपण करना ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) और ब्लॉक कोऑर्डिनेटर के माध्यम से ‘दीदियों’ (स्वयं सहायता समूह की महिलाएं) को जानकारी दी गई थी। दीदियों ने स्वेच्छा से पेड़ और सामग्री खरीदी है। कुछ स्थानों पर पेड़ सूखने की बात स्वीकार करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए दीदियों को विशेष प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है।
मामले में पुलिस अधीक्षक वाहिनी सिंह ने बताया कि उन्हें दोनों पक्षों से शिकायतें मिली हैं। सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच करेगी और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सीईओ दिव्यांशु चौधरी की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते के खिलाफ केस दर्ज किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी (निरी) दुर्गा प्रसाद नागपुरे ने बताया कि जिपं अध्यक्ष रुदेश पर शासकीय कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं, जिसके चलते पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 224, 296 बी और 322 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


