डिंडोरी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार डिण्डौरी जिले में “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान के अंतर्गत निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
गुरुवार को रक्षित केन्द्र के पुलिस परेड ग्राउंड, समनापुर थाना क्षेत्र, शहपुरा थाना क्षेत्र, विक्रमपुर चौकी क्षेत्र एवं अमरपुर चौकी क्षेत्र में नशामुक्ति जन जागरूकता अभियान के कार्यक्रमो का आयोजन किया गया।
रक्षित केंद्र के पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में विशेष शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, इस दौरान समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि वे नशे से दूर रहेंगे और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देंगे।
साथ ही जिले के सभी थाना एवं पुलिस चौकियों में भी शपथ ग्रहण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिले के समनापुर थाना क्षेत्र के सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशा न करने की शपथ दिलाई गई।
जबकि, शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी कला स्थित “स्वामी श्रद्धानंद वैदिक गुरुकुल” आश्रम में अध्ययनरत शिष्यों और आचार्यों को शहपुरा पुलिस द्वारा नशा मुक्ति के संबंध में जानकारी दी गई और उन्हें नशे से दूर रहने की समझाइश दी गई।
वही, विक्रमपुर कस्बे में नशा मुक्ति जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। नशामुक्ति कार्यक्रम में विक्रमपुर चौकी पुलिस द्वारा क्षेत्रीय नागरिकों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया और अभियान से जुड़ने की अपील की गई।
वही, अमरपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम बिलासर में अमरपुर चौकी पुलिस के द्वारा ग्राम रक्षा समिति के सदस्य और ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम, सावधानियों और नशामुक्त जीवन के महत्व के बारे में जानकारी देकर अभियान चलाया गया।
रक्षित केन्द्र डिण्डौरी में आयोजित कार्यक्रम में अति. पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित वर्मा, एसडीओपी (बजाग) विवेक गौतम, कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गाप्रसाद नगपुर, यातायात थाना प्रभारी सुभाष उइके, प्रभारी रक्षित निरीक्षक कुंवर सिंह उलाडी सहित बड़ी संख्या में जिले के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
बता दे कि डिण्डौरी पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, जिसमें रैलियाँ, नुक्कड़ नाटक, संवाद, शपथ ग्रहण और जनजागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों और युवाओं को नशा मुक्त जीवन की ओर प्रेरित किया जाएगा।
डिंडोरी पुलिस के मुताबिक “लक्ष्य – नशामुक्त डिण्डौरी, सुरक्षित समाज।”


