कटनी। जिले के कुठला थानांतर्गत बिलहरी चौकी के ग्राम बखड़ेरा में नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है।
जबलपुर एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने बुधवार रात दबिश देकर 1 लाख 56 हजार रुपये के नकली नोट और नोट छापने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
इस सनसनीखेज कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर एसटीएफ को सूचना मिली थी कि कटनी के बखड़ेरा गांव में एक युवक नकली नोटों का अवैध धंधा कर रहा है। जानकारी पुख्ता होने के बाद आरोपी कृष्णा लोधी पिता गुलाब सिंह (29) की एक सप्ताह तक निगरानी की गई। इसके बाद बुधवार रात रणनीतिक तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी बखड़ेरा में ऑनलाइन और गारमेंट्स की दुकान चलाता था। इसी दुकान की आड़ में वह कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य तकनीकी संसाधनों के जरिए नकली नोटों की छपाई करता था। छापेमारी के दौरान एसटीएफ ने 500, 200 और 100 रुपये के कुल 1.56 लाख के नकली नोट, एक रंगीन प्रिंटर, कंप्यूटर सिस्टम, स्कैनर, स्पेशल पेपर, स्याही, गोंद, ब्लेड और डिजाइन फाइलें जब्त की हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसका नेटवर्क जबलपुर सहित अन्य जिलों और संभवतः अन्य राज्यों तक फैला हुआ है। वह नकली नोटों की सप्लाई आसपास के क्षेत्रो में करता था।
कार्रवाई में एसटीएफ जबलपुर के साथ साथ कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा, उपनिरीक्षक निकिता शुक्ला, गणेश ठाकुर एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
आरोपी को जबलपुर ले जाकर एसटीएफ द्वारा विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली नोटों की सप्लाई किन किन जगहों तक की जा रही थी और इसमें और कौन कौन लोग शामिल हैं।
एसटीएफ के एसपी राजेश भदौरिया ने बताया कि बडखेरा में हमारी टीम ने दबिश देकर नकली नोट, प्रिंटर सहित मशीनें आदि जब्त की है। एक लाख 56 हजार रुपए के नकली नोट जब्त किए गए हैं। कृष्णा लोधी नामक युवक को गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ की टीम पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है कि ये नकली नोट कहां-कहां भेजे जा रहे थे और कितने समय से यह धंधा चल रहा था।


