बालाघाट। सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बालाघाट पहुंचे।उन्होंने सबसे पहले शहीद स्मारक पहुंचकर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने जिले में अब तक हुई नक्सली गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री पुलिस लाइन में आयोजित ‘साहसिक अभियान’ कार्यक्रम में हॉक फोर्स के 60 जवानों को आउट-ऑफ-टर्न पदोन्नति प्रदान किया। ये वही जवान हैं, जिन्होंने 14 जून 2025 को रूपझर थाना क्षेत्र के पचामादादर–कटेझिरिया पहाड़ी जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान अदम्य साहस और शौर्य का परिचय दिया था।
इस अभियान में हॉक फोर्स ने प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के मलाजखंड दलम के पांच नक्सलियों को मार गिराया था।
मुख्यमंत्री के हाथों पदोन्नति प्राप्त करने वालों में विपिन चंद्र खलको, शुभम प्रताप सिंह तोमर, रत्नेश मीणा, मनोज कुमार यादव, प्रदीप कुमार परते, सुनील सिंह कुशवाह सहित कुल 60 जवान शामिल हैं। इस सम्मान से सुरक्षा बलों का मनोबल और अधिक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने जिले के विकास कार्यों के लिए बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कुल 100.90 करोड़ रुपए की लागत के 27 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 31 करोड़ 07 लाख रुपए के 7 कार्यों का भूमिपूजन तथा 69 करोड़ 83 लाख रुपए के 20 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।


