पन्ना में प्रारम्भ हुआ हीरों का मेला, देश-विदेश से पहुंचे पारखी, 32.80 कैरेट का हीरा बना हुआ है आकर्षण का केंद्र, तीन दिन में होगी 78 हीरों की नीलामी

पन्ना। आए दिन मनोरंजन मेले व पशु मेले तो देश के विभिन्न क्षेत्रो में आयोजित होते हैं, लेकिन हीरों का मेला प्रदेश के पन्ना में ही सजता है। बुधवार से पन्ना की रत्नगर्भा धरती पर तीन दिन तक हीरों का मेला सज गया है।
इस मेले में देश-विदेश के पारखी व कारोबारी पहुंच रहे हैं। यहां 78 प्राकृत हीरों के लिए बोली लगाई जाएगी।
शासकीय हीरा कार्यालय फिलहाल इन हीरों की अनुमानित कीमत तीन करोड़ 53 लाख 27 हजार रुपये मानकर चल रहा है पर संभव है कि नीलामी में कीमत और बढ़ जाए।
सात महीने बाद हो रही नीलामी में 32.80 कैरेट का हीरा आकर्षण का सबसे बड़ा केंद्र रहने वाला है।
इस बार छह कैरेट से लेकर 32.80 कैरेट तक के हीरे पारखियों की नजरों से गुजरेंगे और कारोबारी उन्हें खरीदेंगे।
नीलामी में 221.07 कैरेट हीरे रखे जा रहे हैं। नीलामी की राशि में से 11 प्रतिशत राजस्व कटौती राज्य शासन करता है। शेष रकम हीरा खोजने वाले के खाते में जमा कर दी जाती है।
कहते हैं कि मेहनत करने के साथ किस्मत का होना भी जरूरी है। ऐसा ही कुछ पन्ना के मजदूर स्वामीदीन गौड़ के साथ हुआ। एक खदान लेकर दिन-रात मेहनत की और एक दिन ऐसा आया कि गरीब स्वामीदीन खदान में हीरा देखकर खुशी से उछल पड़ा। इस वर्ष का सबसे बड़ा 32.80 कैरेट का हीरा उसे मिला है।
मजदूर स्वामीदीन का कहना है कि वह नीलामी से मिलने वाली राशि से अपने बच्चों को पढ़ाने के साथ ही परिवार की जरूरतों को पूरा करेगा। उसे करीब दो करोड़ रुपये मिल सकते हैं।
इसी तरह से मजदूरी करने वाले राजू गौड़ को 19.22 कैरेट का हीरा तीन महीने पूर्व मिला है। वह मजदूरी करने के साथ ही खदान लेकर हीरा खोज रहा था।
नीलामी की प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तय हुए हीरे के एक कैरेट के दाम के अनुसार होगी।
गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र के साथ ही विदेशी कारोबारी भी नीलामी में शामिल हो रहे हैं। प्रवेश शुल्क पांच हजार जमा कराने के बाद ही इस प्रक्रिया में शामिल हुआ जा सकता है। वही, 78 नग हीरों में से पांच बड़े हीरे मुख्य आकर्षण का केंद्र हैं।
हीरा निरीक्षक नूतन जैन के मुताबिक नीलामी में जैम (उज्ज्वल) क्वालिटी के पांच हीरे शामिल हैं। सबसे बड़ा हीरा 32.80 कैरेट का है। इसके बाद 19.22, 16.10, 6.97 और 6.65 कैरेट का हीरा शामिल हैं।

 

Next Post

हेल्थ ऑफ इंदौर अभियान के तहत इंदौर में बनेगा अत्याधुनिक प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप सेंटर, एआई की मदद से होगी जांच, मिलेगी रियल टाइम रिपोर्ट

इंदौर। देश का सबसे स्वच्छ शहर स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक और नवाचार करने जा रहा है। चार लाख लोगों का प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप करने के बाद अब हेल्थ ऑफ इंदौर अभियान के तहत प्रिवेंटिव हेल्थ केयर सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। बता दे कि इसके लिए एक […]