रीवा। जिले के हनुमाना थाना क्षेत्र के रघुनाथगढ़ गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया।
गांव की एक पुरानी बाऊली (पानी से भरा गड्ढा) में डूबने से एक युवती और उसे बचाने गए युवक की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक आंचल साकेत (19), पिता पन्नालाल साकेत अचानक बाऊली में गिर गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर गांव का ही राजेश साकेत (28) उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद पड़ा। लेकिन अफसोस, गहराई और कीचड़ की वजह से वह भी बाहर नहीं निकल सका। कुछ ही मिनटों में दोनों की सांसें हमेशा के लिए रुक गई।
क्षेत्रीय ग्रामीणों ने किसी तरह दोनों को बाऊली से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सको ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही हनुमाना पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा तैयार किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
इस हादसे के बाद से गांव में शोक और सन्नाटा छा गया है। वही, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


