भिंड। जिले की भारौली थाना अंतर्गत गोरम पंचाायत के बरकापुरा में देर रात शादी समारोह के लग्न के कार्यक्रम में हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से वधु पक्ष के एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल होग गया। मृतक अड़ोखर सरपंच का बेटा है।
घटना शुक्रवार-शनिवार रात करीब एक बजे की बताई गई है।
भारौली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बरकापुरा में राजेन्द्र सिंह राजपूत के बेटे की अड़ोखर से लगुन आई थी। लगनोत्सव के दौरान अचानक हर्ष फायरिंग शुरू हो गई। हर्ष फायरिंग के दौरान वधु पक्ष की तरफ से आए प्रियांशु पिता सतेंद्र पवैया और दिलीप पिता विजय बघेल को गोली लग गई।
गोली लगने से प्रियांशु की मौत हो गई। जबकि, दिलीप को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया। यहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया। बताया गया कि मृतक प्रियांशु के पिता अड़ोखर पंचायत से सरपंच हैं। साथ ही वधु का फुफेरा भाई था।
हर्ष फायरिंग की सूचना मिलते ही भारौली पुलिस मौके पर तत्काल पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम के बारे में समझकर शादी समारोह में मौजूद लोगों से बातचीत की और हर्ष फायरिंग किसने की? क्या ये लोग नशे की हालत में फायरिंग कर रहे थे? इन तमाम बिन्दुओं पर पुलिस ने अपनी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले ऊमरी क्षेत्र में 13 अप्रैल को हर्ष फायरिंग में एक युवक घायल हो गया था।

