सिवनी। जिले के पेंच टाइगर रिजर्व में रूखड़ बफर जंगल के सघन वनक्षेत्र में गश्ती दल को शनिवार सुबह एक बाघ का शव मिला है। बाघ का शव कुछ दिन पुराना होने का अनुमान है, मृतक बाघ के शरीर का अधिकांश हिस्सा सड़कर खराब हो गया है।
बाघ के शव का पोस्टमार्टम करने के लिए पेंच पार्क में पदस्थ वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. अखिलेश मिश्रा को बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यहां खुलासा हो पाएगा कि बाघ की मौत किस कारण हुई।
वहीं, डॉग स्क्वायड के अलावा पेंच के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश सिंह सहित वन अधिकारी और मैदानी अमले ने मौके पर पहुंचकर छानबीन प्रारंभ कर दी है।
अधिकारियों का कहना है कि शव कितना पुराना हैं, यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा। बाघ के शरीर का कोई अंग गायब तो नहीं है, इसकी छानबीन भी की जा रही है।
सघन वन क्षेत्र में बाघ का सड़ा हुआ शव मिलने से पेंच प्रबंधन द्वारा मैदानी अमले द्वारा जंगल की नियमित गश्ती के दावों की पोल खुल गई है। हालांकि, इस मामले में अधिकारी कोई भी प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं।
पेंच के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश सिंह ने बताया कि रूखड़ बफर जंगल में मासूलनाला से काफी अंदर सघन वन क्षेत्र में बाघ का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। मौके पर पहुंचकर विस्तृत जानकारी ली जा रही है, जाँच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

