भोपाल। प्रदेश के ज्यादातर सरकारी अस्पतालों में चिकित्सकों की भारी किल्लत है। चिकित्सकों की कमी पूरी करने के लिए विभाग लगातार भर्तियां कर रहा है। वरिष्ठ चिकित्सकों की कमी पूरी करने के लिए अब विभाग 70 वर्ष तक के चिकित्सकों की संविदा नियुक्ति करने की योजना बना रही है।
उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अधिकारियो को कैबिनेट के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा है।
कैबिनेट मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा है कि सरकार, स्वास्थ्य सेवाओं को जनसामान्य के लिए सुलभ, हाई क्वालिटी लेवल और व्यापक बनाने के लिए कार्य कर रही है।
वरिष्ठ चिकित्सकों के अनुभव, आधुनिक मेडिकल कॉलेजों की व्यवस्था और समय पर नियुक्ति की प्रक्रिया से इसमें सुधार लाने की कवायद की जा रही है।
शनिवार को राजधानी स्थित निवास कार्यालय में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से जुड़े विषयों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में वरिष्ठ चिकित्सकों की विशेषज्ञता का लाभ लिया जाएगा। इसके लिए 70 वर्ष की आयु तक संविदा सेवा देने वाले चिकित्सकों के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। प्रस्ताव कैबिनेट अनुमोदन के लिए जाएगा।
बता दे कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान पदों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने तक वरिष्ठ चिकित्सकों की सेवाएं लेने के निर्देश विभाग को दिए थे। इसके बाद अब उपमुख्यमंत्री ने इसके लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा है।

