इंदौर। संसदीय क्षेत्र इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने एक वीडियो जारी कर पाकिस्तान से भारत आए हिंदू शरणार्थियों को लेकर केंद्र शासन की मंशा स्पष्ट की है। यह वीडियो सिंधी भाषा में जारी किया है, ताकि संदेश सीधे समुदाय तक उनकी मातृभाषा में पहुंच सके।
वीडियो में सांसद ने कहा है कि पाकिस्तान से लंबे समय के वीजा (लांग टर्म वीजा) लेकर भारत आए हिंदू शरणार्थियों को वापस नहीं भेजा जाएगा।
मीडिया को सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि सामान्यत: पाकिस्तान से 45 दिन का वीजा लेकर हिंदू शरणार्थी भारत आते हैं। 45 दिन की अवधि पूरी होने के बाद उन्हें लांग टर्म वीजा के लिए आवेदन करना होता है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद बने हालात के चलते ऐसे लोग जो लांग टर्म वीजा पर भारत में रह रहे हैं, उनमें दशहत है।
उन्होंने आगे बताया कि मैंने इस संबंध में गृह मंत्रालय दिल्ली चर्चा की। वहां से स्पष्ट किया गया है कि ऐसे लोग जिन्होंने लांग टर्म वीजा के लिए आवेदन कर रखा है, उन्हें वापस नहीं भेजा जाएगा, लेकिन जिन लोगों को भारत आए 45 दिन पूरे नहीं हुए हैं या जिन्होंने लांग टर्म वीजा के लिए आवेदन नहीं कर रखा है उन्हें वापस भेजा जाएगा।

