बीईओ को भाजपा नेता ने मारा थप्पड़, 16 दिनों के बाद पुलिस ने किया प्रकरण दर्ज

DR. SUMIT SENDRAM

भिंड। जिले के मेहगांव विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राजवीर शर्मा ने भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा पर थप्पड़ मारने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
मामले में एफआईआर दर्ज नहीं होने को लेकर कांग्रेस रविवार को थाने का घेराव करने वाली थी। इससे पहले ही पुलिस ने शनिवार रात 10 बजे भाजपा नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
बीईओ राजवीर शर्मा का आरोप है कि 10 जुलाई को सीएम राइस स्कूल में गुरु पूर्णिमा कार्यक्रम चल रहा था। तभी भाजपा नेता नीरज शर्मा वहां पहुंचे। उन्होंने टेरर टैक्स के नाम पर 20 हजार रुपए मांगे, मना करने पर कहने लगे- स्कूलों की भोजन योजना अपनी मर्जी से चलाऊंगा, तुम्हें पद से हटवा दूंगा।
बीईओ ने बताया कि विरोध किया तो भाजपा नेता ने गाली-गलौज कर मुझे थप्पड़ मारा और जान से मारने की धमकी दी।
ये पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई थी। राजनीतिक दबाव के चलते फुटेज डिलीट करवा दी गई।
11 जुलाई को जब स्कूल के छात्र और स्टाफ बीईओ राजवीर शर्मा को पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर भेंट कर रहे थे, तभी वे फूट-फूटकर रोने लगे। छात्रों को आपबीती बताते हुए कहने लगे कि मेरा बेटा होता तो बदला लेता। स्कूल से सीसीटीवी फुटेज मांगे गए थे, लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते स्कूल प्राचार्य ने घटना के फुटेज डिलीट करवा दिए। बीईओ का रोने का वीडियो वायरल हो गया।
बीईओ का आरोप है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा कई महीनों से उनसे अनैतिक और नियम विरुद्ध कार्य करवाने के लिए दबाव बना रहे थे। टेरर टैक्स के नाम पर हर महीने 20 हजार रुपए की मांग कर रहे थे। नीरज शर्मा कई बार बिना तारीख के प्रस्तावों पर हस्ताक्षर की मांग कर चुके हैं। इनकार करने पर सार्वजनिक मंच पर बीईओ को अपमानित करते हुए थप्पड़ मार दिया।
इस घटना के बाद बीईओ ने पुलिस में भाजपा नेता की शिकायत की, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इस बीच कांग्रेस के पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने बीईओ के समर्थन में प्रदर्शन किया। पुलिस से कार्रवाई की मांग की। भाजपा के स्थानीय नेता नीरज शर्मा के बचाव में आ गए।
रविवार को पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी समर्थकों और गाड़ियों के काफिले के साथ मेहगांव पहुंचे। मौ तिराहा से गांधी प्रतिमा तक पैदल मार्च किया। मेहगांव में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रहे युवा नेता राहुल सिंह भदोरिया ने उनकी अगुआई की। गांधी प्रतिमा पर पहुंचकर सबसे पहले सभी नेताओं ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद आमसभा को संबोधित किया।
प्रकरण दर्ज होने के बाद पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने एक वीडियो जारी कर पुलिस प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि- “यह न्याय और अन्याय की लड़ाई थी, पुलिस ने बिना दबाव काम किया।”

 

 

Next Post

बरगांव में बूढ़ीमाई मंदिर पहाड़ी प्रांगण में पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न, न्यायाधीश करनल सिंह श्याम की उपस्थिति में 164वें रविवार को लगाए गए पौधे

डिण्डौरी। शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम बरगांव स्थित बूढ़ीमाई मंदिर पहाड़ी प्रांगण में रविवार को 164वें साप्ताहिक पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर व्यवहार न्यायालय शहपुरा के न्यायाधीश करनल सिंह श्याम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में शामिल […]