दमोह। जिले के तेंदूखेड़ा में गुरुवार सुबह पति-पत्नी और उनकी डेढ़ साल की मासूम बेटी के शव घर में ही फंदे पर लटके मिले।
पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
जानकारी के मुताबिक मनीष केवट (30), पत्नी दसौदा केवट और डेढ़ वर्षीय बेटी आरोही के साथ तेंदूखेड़ा के वार्ड क्रमांक एक में रहता था। मनीष मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
मृतिका दसौदा की बहन ने बताया कि उसे घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं है। जब वह घर पहुंची और दरवाजा खुलवाया, तो अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। दरवाजा तोड़ने पर अंदर तीनों के शव फंदे से लटके मिले।
तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र बागरी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक श्रुतिकीर्ति सोमवंशी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई स्पष्ट कारण समझ नहीं आ रहा है। पड़ोसियों और परिजन के बयान लिए जा रहे हैं। दीवार पर कुछ लिखा है, उसे भी जांच में लिया है। डॉक्टरों के पैनल से तीनों शवों का पीएम कराया जाएगा।


