गला रेतकर युवक की नृशंस हत्‍या, चीलर डेम नहर रोड पर मिली लाश

शाजापुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में चीलर डेम की ओर जाने वाले नहर की रोड पर शुक्रवार देर रात को शाजापुर के मनिहारवाड़ी निवासी युवक की गला कटी लाश मिली है। हत्या को बड़ी
नृशंसता से अंजाम दिया गया है। जहां लाश मिली वहीं मृतक की मोटरसाइकिल और काफी मात्रा में खून भी फैला मिला। काफी देर तक पुलिस ने माैके पर जांच की। इसके बाद रात को ही शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
कोतवाली थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि मृतक अबरार पिता सरदार खां (35) निवासी मनिहारवाड़ी, शाजापुर का शव चीलर डेम की नहर की रोड पर मिला है। गला काटकर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कोतवाली थाना प्रभारी ब्रजेश मिश्रा ने बताया कि मृतक रुपए लेनदेन का काम करता था। लेनदेन, प्रेम प्रसंग के साथ ही अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक कोई भी तथ्य और हत्या का कारण स्पष्ट नहींं हो सका है। पुलिस टीम गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। शनिवार सुबह शाजापुर पहुंची एफएसएल टीम द्वारा भी मामले में जांच की जा रही है।
जिस जगह युवक का शव मिला, वहां कच्चा रास्ता है और बारिश के कारण कीचड़ हो गया है। इससे पुलिस को साक्ष्य जुटाने में मश्क्कत करना पड़ी। दरअसल युवक का खून भी कीचड़ से भरे रास्ते पर पड़ा था। पानी भी माैके पर जमा था। बारिश, रात और कीचड़ के कारण जांच में काफी कुछ कठिनाई का सामना पुलिस को करना पड़ा। स्थिति यह रही कि एफएसएल टीम और डाॅग स्‍कवॉड तक रात में माैके पर नही पहुंच पाया।
मृतक अबरार के बड़े भाई अफसार उर्फ पप्पू ने बताया कि वह शाम को घर से निकला था। रात को 7 बजकर 54 मिनट पर अफसार की पत्नी ने उसे खाना खाने आने के लिए फोन किया था। तब आठ सेकंड बात हुई थी। पुलिस ने माैके पर उसका मोबाइल भी तलाशा लेकिन मोबाइल नही मिला। पुलिस अबरार की कॉल डिटेल साइबर सेल से निकलवा रही है। अफसार ने बताया कि अबरार कल उदास था, चिंतित भी दिख रहा था। उसके पास बार-बार किसी के फोन आ रहे थे।

 

Next Post

पति की प्रताडना से तंग होकर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले आरोपी को समनापुर पुलिस ने 24 घंटे के अन्दर किया गिरफ्तार

पति की प्रताडना से तंग होकर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने वाले आरोपी को समनापुर पुलिस ने 24 घंटे के अन्दर गिरफ्तार कर जेल की सलाखों के अंदर भिजवा दिया है। जानकारी के मुताबिक जिले की समनापुर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम माडागौर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति […]