धनवर्षा के लिए मासूम को बनाया गया बंधक, 22 दिनों तक तांत्रिक क्रियाओं का बनाया शिकार, पुलिस ने किया आरोपियों को गिरफ्तार

DR. SUMIT SENDRAM

खरगोन। जिले के सनावद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां छह वर्षीय मासूम का अपहरण कर 22 दिनों तक उसे तांत्रिक क्रियाओं का शिकार बनाया गया। पुलिस ने इस मामले में ‘धनवर्षा’ का लालच देने वाले पाखंडी तांत्रिक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना सनावद थाना क्षेत्र के खंगवाड़ा फाटे गांव की है।
सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव के मुताबिक 10 दिसंबर को छह वर्षीय बालक अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी आरोपियों ने उसे गेंद दिलाने का लालच दिया और उसका अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद आरोपी शुभम यादव खंडवा जिले के पुनासा में एक किराए का कमरा लेकर छिप गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि शुभम रात के समय एक बच्चे को साथ ले जाते हुए देखा गया है, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) अर्चना रावत ने बताया कि इस पूरे मामले का मुख्य सूत्रधार सुरेंद्र उर्फ पिंटू बघेल है, जो खुद को तंत्र विद्या में सिद्धि प्राप्त बाबा बताता था। उसने आरोपी रामपाल नरवरे को यह झांसा दिया था कि वह अपनी तांत्रिक शक्तियों से धनवर्षा करा सकता है और जमीन में गड़े हुए धन का पता लगा सकता है। लालच में आकर रामपाल और शुभम ने धनसिंह बडोले से संपर्क किया, जिसने इस पूरी किडनैपिंग की साजिश रची।
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस के सामने दिल दहला देने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि गड़े धन को निकालने की प्रक्रिया के तहत बच्चे को 22 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान मासूम को नग्न कर उसे सिंदूर लगाया जाता था और नींबू की माला पहनाई जाती थी। उसे काला कपड़ा ओढ़ाकर तांत्रिक अनुष्ठान किए जाते थे। वे लोग बच्चे को भरपेट खाना भी नहीं देते थे, जिसके कारण मासूम काफी बीमार हो गया है।
पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शुभम यादव निवासी ग्राम अटूट खास (खंडवा), सुरेंद्र उर्फ पिंटू बघेल (तांत्रिक) निवासी ग्राम बीजापुर (खंडवा), रामपाल नरवरे निवासी डोंगरगांव (खंडवा) एवं धनसिंह बड़ोले निवासी अंजरूद को गिरफ्तार किया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।

 

Next Post

19 साल के युवक को कील के चुभने से हुआ संक्रमण, डेढ़ दशक बाद मिला टिटनेस का मरीज, आईसीयू में इलाज जारी

सतना। जिला अस्पताल में डेढ़ दशक के बाद टिटनेस का मरीज मिला। मरीज को उपचार के लिए आईसीयू में भर्ती कराया गया है। मरीज को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। टिटनेस के बैक्टीरिया फैलने से मरीज का शरीर अकड़ गया है और उसका मुंह भी खुलना बंद हो गया […]