‘स्पेशल 26’ स्टाइल डकैती का पुलिस ने किया खुलासा, नकली रेड डालने वाले आठ आरोपी गिरफ्तार

धार। स्पेशल-26 मूवी के तर्ज पर नकली आयकर अधिकारी बनकर 600 ग्राम सोना और नगदी लूटने वाली गैंग को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
वारदात से पहले आरोपियों ने इलाके की रेकी की थी, जिसमें धार के कुछ लोग भी शामिल थे। इस लूट की घटना में कुल 14 आरोपी शामिल थे।
पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर अब तक 8 आरोपियों को दबोच लिया है।
सोमवार दोपहर पूरे मामले का खुलासा इंदौर रेंज के आईजी अनुराग सिंह ने किया।
प्रेसवार्ता में आईजी अनुराग सिंह ने बताया कि कुक्षी तहसील के ग्राम बाग के ब्राह्मण मोहल्ले में 13 मार्च की सुबह यह लूट की घटना हुई थी। अज्ञात बदमाश नकली इनकम टैक्स अधिकारी बनकर ठेकेदार राजकुमार मालवी के घर में घुस गए थे। आरोपियों ने परिवार को बताया कि उन्हें ब्लैक मनी की शिकायत मिली है और वे सर्च करने आए हैं। इसके बाद उन्होंने परिवार के लोगों को एक कमरे में बंद कर दिया और अलमारी में रखे 600 ग्राम सोना और डेढ़ लाख रुपए नगद लूटकर फरार हो गए। बदमाश काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। नकली अधिकारी बनकर आए दो आरोपियों ने पुलिस जैसी वर्दी भी पहन रखी थी।
मामले की गंभीरता को देखकर पुलिस की पांच टीम का गठन किया गया था। टीम द्वारा अभी तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, बाकी छह आरोपियों की तलाश जारी है।
आईजी अनुराग सिंह के अनुसार धार की घटना से एक दिन पहले खंडवा में भी इसी तरह की लूट हुई थी, जिसमें काले रंग की स्कॉर्पियो का इस्तेमाल किया गया था। इसके बाद धार और खंडवा पुलिस ने मिलकर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि देवास का रहने वाला नरसिंह बघेल, जो मूल रूप से डही का रहने वाला है, अक्सर बाग और मनावर क्षेत्र में आता-जाता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती दिनेश निवासी मनावर और रमेश मोरी निवासी बाग से हुई। नरसिंह ने अपने साथियों की योजना उन्हें बताई और इलाके के व्यापारियों की जानकारी देने को कहा। इसके बाद दिनेश ने अपने साथी आबिद और अय्यूब से बात की। उन्होंने योजना बनाई कि वे नकली इनकम टैक्स और सीबीआई टीम बनकर रेड डालेंगे और डकैती करेंगे।
उनका मानना था कि पीड़ित डर के कारण इसकी सूचना किसी को नहीं देगा और उन्हें बड़ा फायदा होगा। मुख्य आरोपी शहजाद ने इस पूरी वारदात की योजना बनाई और अपने साथियों के साथ मिलकर नकली इनकम टैक्स अधिकारी बनकर घटना को अंजाम दिया। घटना से एक दिन पहले सभी आरोपी दो वाहनों से मनावर पहुंचे थे और एक होटल में दो कमरे लेकर रुके थे। वारदात के बाद आरोपियों ने काली स्कॉर्पियो को जंगल में छोड़ दिया और अर्टिगा कार से फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने प्रेसवार्ता में बताया कि जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें मिले दस्तावेजों से पता चला कि वाहन का मालिक शहजाद, पिता रोशन खान है और वही इस वारदात का मास्टरमाइंड भी है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से आबिद पिता मुबारिक शाह, अय्यूब शाह पिता निजामुद्दीन शाह, दिनेश पिता रुखड़िया, दिलीप पिता रामचंद्र अहिरवार, शहजाद पिता रोशन खान, रमेश पिता गजरिया मोरी, राजा उर्फ अब्दुल गफ्फार पिता अब्दुल हमीद खान और नरसिंह पिता भलिया बघेल को गिरफ्तार किया है। वाहन की तलाशी में करणी सेना और महामंडलेश्वर लिखी दो प्लेट भी मिली हैं। पुलिस ने इन्हें भी जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।
एसपी मयंक अवस्थी ने आगे बताया कि इस वारदात में इकबाल साहिल, मुरलीधर, रंजीत, संजीव और अब्दुल अभी फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस ने आरोपियों से करीब एक करोड़ पांच लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण, 30 लाख रुपए कीमत की दो चार पहिया गाड़ियां और 57 हजार रुपए नगद जब्त किए हैं।
आरोपियों को पकड़ने निरीक्षक कैलाश चौहान, ओपी अहिर, सुनील शर्मा, संजय रावत, राजेश यादव, ईश्वर सिंह चौहान, समीर पाटीदार, दीपक सिंह चौहान और सायबर सेल प्रभारी प्रशांत गुंजाल सहित पुलिस टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

 

Next Post

मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, एक की मौत, छह की हालत गंभीर, इलाज जारी

बड़वानी। जिले से गुजर रहे मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेंधवा के पास ग्राम सालीकला के समीप मजदूरों से भरी एक पिकअप (यूपी 86 टी 7298) अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 वर्षीय सीतेश पिता चपलिया निवासी जामली की मौके पर ही मौत […]