दमोह। बुधवार सुबह चार बजे के पथरिया थाना क्षेत्र के सजियाहार गांव में एक महिला अपनी दो साल की बच्ची को लेकर कुएं में कूद गई। दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। महिला के पति ने भी दो दिन पहले ही घर की छत से कूदकर आत्महत्या कर लिया था। महिला की चार वर्षीय एक बेटी भी है।
महिला सीमा पटेल के भाई धीरेंद्र ने ससुराल पक्ष पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि जांच कर रहे हैं।
घटना से कुछ घंटे पहले सीमा ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था कि ‘मैं आज दुनिया छोड़कर जा रही हूं। मैं नहीं जी पा रही हूं, सब मेरी बेटी का ध्यान रखना।’
इस पोस्ट के कुछ घंटे पहले दूसरी पोस्ट में लिखा था, ‘क्या दिन थे आपके साथ… पता ही नहीं चला और आप छोड़कर चले गए।’
सीमा का पति निहाल पटेल गांव का समृद्ध किसान था। सरपंच के चुनाव में काफी पैसा खर्च करने के बावजूद हार गया था।
सीमा के भाई धीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि मंगलवार को मैं बहन की ससुराल में ही था। खाना खाकर रात में दूसरे कमरे में सोया था। सुबह करीब 4 बजे बहन की ननद ने मुझे उठाया। बताया कि सीमा ने बेटी अंशु के साथ कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली।
मुझे पूरा यकीन है कि मेरी बहन की ननद ने ही उसकी हत्या कर लाश कुएं में फेंकी है।
वहीं, सीमा के पिता ने कहा कि बेटी की शादी को 5 साल हो चुके हैं। दहेज में 10 लाख रुपए दिए थे। उसके बाद भी ससुराल वाले रुपए की मांग करते थे। बेटी को मारते थे। कुछ दिन पहले ही एक बार फिर 5 लाख रुपए दिए थे। इसके बावजूद ससुराल वाले बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे।
पथरिया थाने के सहा. उपनिरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि सजियाहार गांव में सीमा नामक महिला अपनी दो साल की बेटी को लेकर कुए में कूद गई, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई। दोनों शवों को कुए से बाहर निकाल कर पंचनामा करने के उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोपो को सही पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


