मस्जिद की जमीन पर खुदाई में निकली भगवान राम-सीता की मूर्तियां, निर्माण कार्य रुकवाकर लोगों ने की पूजा

DR. SUMIT SENDRAM

सागर। जिले के बंडा विकासखंड के ग्राम पापेट में मस्जिद की जमीन पर नींव की खुदाई के दौरान मूर्तियां मिली हैं। उक्त मूर्तियां भगवान राम, माता सीता की होना बताई जा रही हैं। मूर्तियां निकलने की सूचना मिलते ही शुक्रवार को हिंदू संगठन के लोग पापेट पहुंच गए। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की।
गांव में भीड़ देखकर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल पहुंचा। लोगों को समझाइश देकर शांत कराया।
पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मामले में पुरातत्व विभाग को सूचना देकर मौके पर बुलाया है। मूर्ति की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद मूर्ति कब की है और किसकी है, यह स्पष्ट हो सकेगा।
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में स्थित मस्जिद परिसर में कमरों के पुर्ननिर्माण का कार्य चल रहा है। परिसर में खुदाई चल रही थी। तभी कुछ मूर्तियां मिली हैं। मजदूरों ने मूर्तियां मिलने की जानकारी लोगों को दी। इसके बाद ग्रामीण और हिंदू संगठन मौके पर पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।
उन्होंने कहा कि मूर्तियां उक्त स्थान पर ही रहेंगी। चबूतरा बनाकर लोगों ने मूर्तियां को बैठाया है। पूजा-अर्चना की गई है।
मस्जिद प्रबंधन के सगीर खान ने कहा कि मस्जिद की जमीन पर मूर्तियां नहीं निकली है। चंदेली पत्थर है। बाउंड्रीवाल का निर्माण किया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि पास में बनीं पत्थरों की खखरी से मूर्तियां मिली हैं। उन्हें मस्जिद परिसर में रखा गया है। चंदेली पत्थर मिला है। कुछ लोगों ने परिसर में मूर्तियां रखकर पूजा की है। मामले की जांच होना चाहिए। करीब 200 साल पहले यह जमीन मस्जिद को दी थी।
बंडा एसडीएम नवीन ठाकुर ने बताया कि पापेट गांव में कुछ लोगों द्वारा निर्माण किया जा रहा है। खुदाई में मूर्तियां मिली हैं। पुरातत्व विभाग इसकी जांच करेगा। गांव वालों को बोला गया है कि पुलिस अभिरक्षा में रखवाकर मूर्तियों की जांच कराई जाएगी।

 

Next Post

राजधानी भोपाल में फेड एक्सपो का शुभारंभ, सीएम ने गाया "मेरा जूता है जापानी, ये पतलून इंगलिस्तानी", बोले - एमपी में 8 हजार करोड़ का निवेश

भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में फेड एक्सपो-2025 का शुभारंभ करने पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने फिल्म श्री 420 का गाना ‘मेरा जूता है जापानी, ये पतलून इंगलिस्तानी’ भी गुनगुनाया। ताइवान, रूस एवं ओमान के उद्योगपतियों की मौजूदगी में इस गाने की लाइनें गाया। इस दौरान उन्होंने कहा […]